अहियापुर स्थित गुरुद्वारा पक्की संगत में बुधवार को गुरु तेगबहादुर के प्रकाश पर्व पर सजा दीवान।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, इलाहाबाद
सिखों के नवें गुरु तेगबहादुर का प्रकाश पर्व बुधवार को हर्षोल्लास के साथ शहर के गुरुद्वारों में मनाया गया। अखंड पाठ के बाद रागी जत्थों ने शबद कीर्तन सुनाकर संगत को निहाल किया।
अहियापुर स्थित गुरुद्वारा पक्की संगत में गुरु तेगबहादुर के प्रकाश पर्व पर गुरु ग्रंथ साहिब के अखंड पाठ के बाद कीर्तन दरबार सजा। पंचायती अखाड़ा निर्मल के मुकामी महंत देवेंद्र सिंह शास्त्री ने गुरु महिमा का गुणगान किया। उन्होंने कहा, पांच भाई बहन में सबसे छोटे गुरु तेग बहादुर लड़कपन से ही भक्ति भाव परोपकार की भावना से ओतप्रोत थे। सन 1664 में उन्हें गुरु गद्दी मिली। बताया, गुरु तेगबहादुर को संगम नगरी से विशेष लगाव रहा। यहां पर उन्होंने छह माह प्रवास किया। गुरु के तप से पवित्र पक्की संगत गुरुद्वारा में उनकी धरोहर सहेज रखी है।
महंत ज्ञान सिंह, रागी कुलदीप सिंह और खुल्दाबाद गुरुद्वारा के रागी जत्थों ने शबद कीर्तन सुनाकर संगत को निहाल किया। उसके बाद गुरु का लंगर हुआ। प्र्रसाद पाने वालों में अन्य धर्मों के लोग शामिल रहे। श्रीगुरु तेगबहादुर खालसा गर्ल्स इंटर कालेज की ओर से प्रकाश पर्व गुरुद्वारा खुल्दाबाद में मनाया गया। कथा विचार, शबद कीर्तन के बाद लंगर हुआ। इस अवसर पर प्रबंधक आर. एस. बेदी सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।