इलाहाबाद (ब्यूरो)। इलाहाबाद विश्वविद्यालय में पोस्टर, बैनर के खिलाफ मंगलवार को अभियान चला। अभियान विद्यार्थियों की ओर से चलाया गया। इसमें बड़ी संख्या में छात्राएं भी शामिल रहीं। उन्होंने चीफ प्रॉक्टर ऑफिस में परिसर से पोस्टर, पंफलेट, बैनर आदि हटवाने की मांग का ज्ञापन भी सौंपा।
लिंगदोह समिति की संस्तुतियों के अनुसार प्रिंटेड प्रचार सामग्री का उपयोग नहीं किया जा सकता। इसके अलावा परिसर में निर्धारित स्थान पर ही प्रचार सामग्री लगा सकते हैं। इसके विपरीत छात्रसंघ भवन तथा आसपास के क्षेत्र पोस्टर, बैनर से पट गए हैं। इसके विरोध में कला और विज्ञान संकाय के विद्यार्थियाें ने विज्ञापन रहित चुनाव के लिए परिसर में जागरूकता रैली निकाली। साथ में छात्र नेताआें से पोस्टर, बैनर हटा लेने की अपील की। उन्होंने चीफ प्रॉक्टर से इसके खिलाफ अभियान चलाने की मांग की। चीफ प्रॉक्टर ने भी आश्वासन दिया कि लिंगदोह समिति की संस्तुतियों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। रैली में चंदन सिंह, विवेक रंजन सिंह, शबाना, शिल्पी सिंह, श्वेता सिंह, आशीष मौर्य, धीरज सिंह, दिव्यांशु सिंह आदि शामिल रहे।