लॉकडाउन की वजह से बेरोजगार हुए मजदूर एवं गरीबों को केंद्र सरकार की ओर से भी 3 महीने का मुफ्त राशन देने की घोषणा की गई है। इसका लाभ यहां के करीब चार लाख परिवारों को मिलेगा। राशन का वितरण 15 अप्रैल के बाद शुरू होने की बात कही जा रही है। कंट्रोल रूम पर राशन पहुंचाए जा रहे हैं। इसके लिए वाहनों की संख्या डेढ़ गुना तक बढ़ा दी गई है।
योजना का लाभ सभी अंत्योदय कार्डधारकों को मिलेगा। इनके अलावा श्रम एवं नगर विकास विभाग में पंजीकृत मजदूरों तथा मनरेगा जॉब कार्ड धारकों, जिनके पात्र गृहस्थी के राशन कार्ड बने हैं, उन्हें भी मुफ्त राशन मिलेगा। इनके अलावा लाकडाउन में बेरोजगार हुए अन्य पात्रों एवं गरीबों की सूची बनाई जा रही है। इनके राशनकार्ड बनवाने की आनलाइन प्रक्रिया शुरू की गई है। पहले चरण में चिन्हित पात्रों के कार्ड 15 अप्रैल से पहले बनाने की तैयारी है. ताकि इन्हें भी पहले चरण में मुफ्त राशन वितरण योजना का लाभ मिल सके। जिले में करीब चार लाख लोगों को इस योजना का लाभ मिलेगा। उधर, प्रदेश सरकार की घोषणा के अनुसार मुफ्त राशन का वितरण बृहस्पतिवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। दूसरे दिन भी कई केंद्रों पर सरवर डाउन आने की शिकायत रही।