फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

प्रयागराज सामूहिक हत्याकांड : पांच लोगों की हत्या पर राजनीति हुई तेज, टीएमसी का प्रतिनिधि मंडल आज पहुंचेगा खेवराजपुर

Sat, 23 Apr 2022 08:35 PM IST
विनोद सिंह अमर उजाला नेटवर्क, प्रयागराज

सार

टीएमसी का प्रतिनिधि मंडल रविवार को खेवराजपुर गांव पहुंचेगा और घटना के संबंध में जानकारी एकत्र कर पार्टी हाईकमान को सौंपेगा। प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष शिवपाल यादव ने प्रयागराज पहुंचकर पोस्टमार्टम हाउस पर पीड़ित परिवार के सदस्य सुनील यादव से मुलाकात की। उन्होंने योगी सरकार से सुनील को सरकारी नौकरी देने और पांच साल की बच्ची साक्षी की परवरिश खर्च उठाने की मांग की। 
विज्ञापन
Prayagraj News : थरवई के खैवजपुर गांव में सामूहिक हत्याकांड के विरोध में डीएम एसएसपी के समक्ष विरोध दर्ज कराते सपाई। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

प्रयागराज में थरवई थाना क्षेत्र के खेवराजपुर गांव में यादव परिवार के पांच सदस्यों की हत्या के बाद राजनीति भी शुरू हो गई है। घटना के तुरंत बाद जहां सपा जिलाध्यक्ष, क्षेत्रीय सपा विधायक और सपा के एमएलसी मौके पर पहुंच गए थे वहीं अब तृणमूल कांग्रेस का प्रतिनिधि मंडल भी प्रयागराज पहुंचने वाला है। टीएमसी का प्रतिनिधि मंडल रविवार को खेवराजपुर गांव पहुंचेगा और घटना के संबंध में जानकारी एकत्र कर पार्टी हाईकमान को सौंपेगा।

विज्ञापन



थरवई के खैवजपुर गांव में एक ही परिवार के पांच लोगों की निर्मम हत्या पर सियासत तेज हो गई है। घटना की जानकारी होते ही शनिवार शाम प्रगतिशील समाजवादी पार्टी लोहिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष व विधायक विधायक शिवपाल यादव प्रयागराज पहुंचे। उन्होंने पोस्टमार्टम हाउस पहुंचकर पीड़ित परिजनों का हाल जानकर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने घटना स्थल का दौरा भी किया।


प्रसपा अध्यक्ष शिवपाल यादव शाम करीब 4.30 बजे सर्किट हाउस पहुंचे। यहां आधा घंटा रुके और पार्टी पदाधिकारियों से घटनाक्रम की जानकारी ली। वह मीडिया से दूरी बनाते हुए सीधे स्वरूप रानी नेहरू अस्पताल स्थित पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। जहां पीड़ित परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी।
विज्ञापन


प्रदेश सरकार के खिलाफ नकारात्मक बयान देने के बजाए प्रदेश सरकार से पीड़ित परिवार के लिए मुआवजा देने, परिवार केे एकसदस्य को सरकारी नौकरी देने तथा दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर ठोस कार्यवाई की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि वह खुद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर मांगों से संबंधित ज्ञापन देंगे। वहीं भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने के प्रश्न पर उन्होंने चुप्पी साध ली। प्रदेश सचिव शमशाद अहमद, प्रदेश महामंत्री लल्लन राय, जिलाध्यक्ष दीनानाथ व पूर्व प्रत्याशी प्रतापपुर संतोष आर्मी मौजूद रहे। 


थरवई हत्याकांड पर कांग्रेस ने सरकार को लिया आडे़ हाथों
कांग्रेस पार्टी ने थरवई हत्याकांड पर सरकार को आडे़ हांथों लिया है। एक ही परिवार के पांच लोगों की बेरहमी से हत्या के बाद जीरो रोड स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में हुई बैठक के दौरान प्रदेश महासचिव मुकुंद तिवारी ने कहा कि एक सप्ताह के अंदर नवाबगंज से लेकर थरवई तक हुईं सामूहिक हत्याओं की घटनाओं से जिले की ध्वस्त कानून व्यवस्था की कलई खुल गई है।

उन्होंने कहा कि दोनों घटनाओं का खुलासा करने में पुलिस नाकाम साबित हुई है। वहीं पूरी घटनाक्रम पर प्रशासनिक अधिकारी लीपापोती करने में लगे हुए हैं। कांग्रेस प्रवक्ता हसीब अहमद ने आरोप लगाया कि पूरा जनपद अराजकता और जंगलराज की गिरफ्त में है। कांग्रेसियों ने लापरवाह पुलिस कर्मियों को बर्खास्त करने की मांग करते हुए दोषियों को जल्द गिरफ्तार करने की बात कही। दूसरी ओर थरवई में हुई घटना की रिपोर्ट तैयार कर पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी को भी भेजी है। बैठक में गौरव पांडेय, मो. हसीन, दीपचंद्र शर्मा, मनोज पासी, राकेश पटेल, शुभम शुक्ला, सौरभ चौधरी समेत आदि मौजूद रहे।

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य। - फोटो : amar ujala
केशव प्रसाद ने जताया दुख
प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने खेवराजपुर की घटना पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि पुलिस प्रशासन जल्द ही घटना का पर्दाफाश करेगा। केशव ने ट्वीट किया है कि प्रयागराज में एक ही परिवार के पांच सदस्यों के हत्या की घटना अत्यंत दुखदाई है। हत्याकांड की जांचकर दोषियों को कठोर सजा दिलाई जाएगी। सरकार दुख की घड़ी में परिजनों के साथ है। जिले के पुलिस अधिकारियों को हत्यारों की गिरफ्तारी सहित सभी जरूरी कदम उठाने और मदद के निर्देश दिए गए हैं।

थरवई के खेवराजपुर गांव में एक ही परिवार केपांच लोगों की हत्या से गंगापार के लोग एक बार फिर सहम गए हैं। एक के बाद एक सामूहिक हत्याओं से लोगों में दहशत और नाराजगी है। लोगों की नुमाइंदगी करने वाले सरकार तथा विपक्ष में बैठे नेताओं में भी इस घटना को लेकर दुख एवं नाराजगी है लेकिन उनकी यह संवेदना महज बयानों तक ही सीमित है।
 

वे ट्विटर पर शोक संवेदना एवं सरकार के प्रति गुस्सा प्रकट कर रस्म अदायगी कर रहे हैं लेकिन जिन पर दुखों का पहाड़ गिरा है उनसे मिलकर सांत्वना देने की जरूरत किसी ने नहीं समझी। कोई भी बड़ा नेता गांव में नहीं पहुंचा। हां, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने नेताओं की टीम जरूर बनाई है लेकिन इसमें भी आजमगढ़ के विधायक दुर्गा प्रसाद यादव को छोड़कर अन्य पांच सदस्य स्थानीय हैं।

खेवराजपुर में शनिवार को पांच लोगों की नृशंस तरीके से हत्या कर दी गई। अभी पांच दिन पहले भी 16 अप्रैल को नवाबगंज में एक  व्यक्ति अपनी पत्नी और तीन बच्चियों की हत्या करने के बाद खुद फंदे पर लटक गया था। सपा प्रमुख अखिलेश यादव, बसपा अध्यक्ष मायावती, कांग्रेस की महामंत्री प्रियंका गांधी ने ट्विट कर नवाबगंज की घटना पर दुख जताया था।
 
 
खेवराजपुर की घटना पर भी अखिलेश यादव एवं मायावती ने ट्विट किया है लेकिन विधानसभा चुनाव से पहले ऐसी घटनाओं के बाद पीड़ितों का आंसू पोछने के लिए घर-घर पहुंचने वाले नेताओं को इन दोनों घटनाओं में तात्कालिक सियासी लाभ नहीं दिखा और कोई भी नेता पीड़ित परिवारों से मिलने नहीं पहुंचा। लड़की हूं लड़ सकती हूं का नारा देने वाली कांग्रेस की प्रियंका गांधी नवाबगंज में महिला संग तीन बच्चियों की हत्या के पांच दिन बाद भी परिवार में जीवित बचे अन्य सदस्यों का आंसू पोछने नहीं पहुंची।

 
 
खेवराजपुर की घटना को लेकर तो प्रियंका गांधी की कोई प्रतिक्रिया भी नहीं आई। हां, अखिलेश यादव ने खेवराजपुर की घटना पर भी ट्विट जरूर किया है लेकिन आज का अपराधनामा शीर्षक देकर इसे सियासी रंग भी दे दिया है। नेताओं के इस रूख पर अकबर इलाहाबादी यह शेर याद आती है कि ‘कौम के गम में डिनर खाते हैं हुक्काम के साथ, रंज लीडर को बहुत है मगर आराम के साथ।’
विज्ञापन

पहुंचे सपा नेता, अखिलेश की टीम का दौरा आज
सपा नेताओं ने थरवई के खेवराजपुर गांव में पांच लोगों की हत्या पर दुख प्रकट किया। गांव पहुंचे नेताओं ने पीड़ित परिवार के प्रति सांत्वना प्रकट की। मौके पर ही डीएम को ज्ञापन सौंपकर परिवार के पांच सदस्यों को खोने वाले सुनील यादव की सुरक्षा, शस्त्र लाइसेंस, 50 लाख रुपये का मुआवजा और सरकारी नौकरी दिए जाने की मांग की। उन्होंने सुनील की बेटी की मुफ्त शिक्षा की व्यवस्था किए जाने की भी मांग की।

 
 
ज्ञापन सौंपने वालों में जिलाध्यक्ष योगेश चंद्र यादव, एमएलसी डॉ.मान सिंह, विधायक गीता शास्त्री, पूर्व सांसद धर्मराज पटेल आदि शामिल रहे।  इसी क्रम में सपा अध्यक्ष छह सदस्यीय टीम भी बनाई है, जिसके सदस्य रविवार को गांव में जाकर परिजनों से मिलेंगे और घटना की रिपोर्ट तैयार करेंगे। गांव का दौरान करने वाली टीम में विधायक दुर्गा प्रसाद यादव, पूजा पाल, गीता पासी, पूर्व विधायक उज्जवल रमण सिंह, पूर्व एमएलसी बासुदेव यादव एवं रामवृक्ष यादव शामिल होंगे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें