आभूषण कारोबारी भूपेंद्र सोनी की पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर नैनी पुलिस विशेषज्ञ की सलाह लेगी। रिपोर्ट में पसली टूटने के साथ कूल्हे व गर्दन में चोट मौत का कारण बताया गया है। अब पुलिस यह जानने का प्रयास करेंगी कि क्या फ्लैट से गिरने से उसकी मौत हुई थी या कोई और कारण है।
पुलिस अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 606 में रहने वाली महिला का पता लगा लिया है। पुलिस उससे पूछताछ करके एक अन्य संदिग्ध को भी थाने ले आई है।
बीते शुक्रवार को मानस विहार अपार्टमेंट में घूरपुर थाना क्षेत्र के चंपतपुर गांव निवासी भूपेंद्र सोनी का शव मिला था। पुलिस ने परिजनों को फ्लैट से नीचे गिरने की बात बताई थी। लेकिन परिजन उसकी हत्या का आरोप लगा रहे थे। ऐसे में अब पुलिस विशेषज्ञ की सलाह लेकर यह स्पष्ट करेंगी कि मौत फ्लैट से गिरने से हुई थी व कोई अन्य कारण था।
रविवार को अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 606 की जांच के बाद पुलिस उसमें रहने वाली महिला सरिता उर्फ जिया से पूछताछ कर रही है। वह यहां बीते काफी समय से रह रही है, लेकिन आसपास रहने वालों से उसे मेलजोल नहीं था। हालांकि, पुलिस उससे पूछताछ के आधार पर एक अन्य संदिग्ध को भी पूछताछ के लिए लाई है।
सूत्रों की माने तो उसी के फोन पर ही आभूषण कारोबारी वहां पहुंचा था। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका कि कमरे के अंदर आभूषण कारोबारी के साथ और कौन था। हालांकि अभी कारोबारी के फोन अनलॉक नहीं हो पाया है।
पुलिस ने उसे विधि विज्ञान शाला वाराणसी भेजा है। कारोबारी के नंबर की सीडीआर में पुलिस को कोई खास सुराग नहीं मिला है। न ही अपार्टमेंट के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में कुछ स्पष्ट नहीं हो सका है। एसीपी करछना कुंजलता ने बताया कि कुछ अहम सुराग मिले है। घटना के खुलासे के लिए चार टीमें लगाई गई है। एक दो दिन में घटना का खुलासा हो जाएगा।