इरादतगंज फ्लाईओवर पर बृहस्पतिवार शाम हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर पहुंचे परिजन और ग्रामीणों ने हाईवे पर स्ट्रीट लाइट बंद होने और सीसीटीवी कैमरे निष्क्रिय होने का आरोप लगाते हुए चक्काजाम कर दिया था।
शुक्रवार को सहायक पुलिस आयुक्त कौंधियारा अब्दुस सलाम खान ने इरादतगंज तिराहे पर स्थलीय निरीक्षण करते हुए सीसीटीवी कैमरे, स्ट्रीट लाइट तथा कटिंग के सामने रेडियम लाइट लगाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के समय एनएचआई के कर्मचारी और थानाध्यक्ष घूरपुर दिनेश सिंह भी उपस्थित रहे।
घूरपुर थाना क्षेत्र के बगबना गांव निवासी 19 वर्षीय दिनेश प्रजापति पुत्र बृजेश प्रजापति को एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि इरादतगंज ओवरब्रिज की सड़क पर जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं।
इसी कारण एनएचआई ने शहर की ओर जाने वाले मार्ग को बंद कर वनवे कर दिया है, जिससे वाहनों का दबाव बढ़ गया है और आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। लोगों ने आरोप लगाया था कि पुलिस जानबूझ कर सीसीटीवी कैमरे बंद रखवाती है और स्ट्रीट लाइटें नहीं जलने देती।