एडीसी के छात्र दिलीप सरोज की हत्या के तथ्यों की पड़ताल के लिए भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय द्वारा गठित चार सदस्यीय फैक्ट फाइंडिंग कमेटी को पुलिस ने रोक दिया। भाजपा काशी प्रांत के अध्यक्ष लक्ष्मण आचार्य के नेतृत्व में इलाहाबाद पहुंची टीम कटरा स्थित कालिका रेस्टोरेंट जाना चाह रही थी। यहां पुलिस ने फूलपुर उपचुनाव की आचार संहिता का हवाला देते हुए टीम को कटरा जाने से मना कर दिया। बाद में चार सदस्यीय दल सीधे सर्किट हाउस आ गया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने छात्र दिलीप की हत्या के तथ्यों की पड़ताल के लिए चार सदस्यीय टीम इलाहाबाद भेजी। भाजपा काशी प्रांत के अध्यक्ष एवं प्रदेश उपाध्यक्ष लक्ष्मण आचार्य, सांसद कौशल किशोर, विधायक डॉ. अजय भारती एवं विधायक रामनरेश रावत जैसे ही एमएनएनआईटी पहुंचे वहां पुलिस ने उन्हें रोक लिया। टीम के सदस्य कटरा स्थित कालिका रेस्टोरेंट जाना चाह रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें चुनाव आचार संहिता का हवाला देते हुए वहां जाने से रोक दिया। बाद में टीम एमएनएनआईटी से सीधे सर्किट हाउस पहुंच गई। प्रदेश उपाध्यक्ष लक्ष्मण आचार्य ने बताया कि सरकार पुलिस का पूरा सहयोग कर रही है। एसपी सिंह सिद्धार्थ सिंह मीना ने बताया कि बीजेपी का जांच दल घटनास्थल पर जाना चाहता था। उनसे वहां न जाने का अनुरोध किया गया तो वे मान गए। वहां से वे सर्किट हाउस पहुंचे। सर्किट हाउस में घटना वाले दिन घायल हुए छात्र समीर, सिद्धार्थ एवं प्रकाश से भाजपा जांच दल ने मुलाकात की।