होटल और रेडिमेड कपड़ों के शोरूम के मालिक सतर्क हो जाएं। वे अपने प्रतिष्ठानों का अच्छी तरह मुआयना करके देख लें कि किसी कर्मचारी ने कमरे या चेंजिंग रूम में कैमरा तो छिपाकर नहीं लगा रखा है। पुलिस होटलों और शोरूमों में खुफिया कैमरों की तलाश का अभियान शुरू करने जा रही है। अगर पुलिस को किसी होटल के कमरे, शोरूम के चेंजिंग रूम या टॉयलेट में कैमरे मिलते हैं तो इसका खामियाजा उनको भुगतना पड़ेगा।
अभियान चलाने का निर्देश आईजी जोन बृज भूषण ने दिया है। जिम्मा थानेदारों पर डाला गया है। अभियान के बीच ही होटल और शोरूम मालिकों की बैठक भी बुलाई जाएगी। बैठक कर जरूरी दिशा निर्देश एसएसपी जारी करेंगे। यह कदम गोवा के शोरूम के चेंजिंग रूम में छिपा हुआ कैमरा मिलने के बाद उठाया गया है। आईजी जोन ने बताया कि थानेदारों की जिम्मेदारी होगी कि वे अपने-अपने क्षेत्र के शोरूम और होटलों के कमरों का निरीक्षण कर इस बात का पता लगाएं कि लोगों की निजता भंग करने की कोशिश तो नहीं की जा रही है। इसके साथ ही सार्वजनिक स्थलों की सुरक्षा का भी जायजा लिया जाएगा। यह पता लगाया जाएगा कि आने जाने के रास्तों पर सीसीटीवी कैमरे लगे हैं कि नहीं। कैमरों का डायरेक्शन कैसा हो, आग बुझाने के उपकरणों का कैसे इस्तेमाल किया जाए, इस बारे में भी शोरूम और होटल मालिकों को ट्रेनिंग दी जाएगी।