उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी नागरिक एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा सकुशल कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारी पूरी कर ली है। जिले के 42 केंद्रों पर आठ, नौ और 10 जून को परीक्षा होगी।
जिला पंचायत सभागार में शुक्रवार को डीएम की अध्यक्षता में सेक्टर एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेटों, केंद्र व्यवस्थापक और अधिकारियों के संग बैठक की। डीएम ने कहा कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। परीक्षा सामग्री को स्टैटिक मजिस्ट्रेट एवं केंद्र व्यवस्थापक की उपस्थिति में सीसीटीवी निगरानी के बीच ही प्राप्त कराया जाए।
परीक्षा अवधि के दौरान सभी केंद्रों का नियमित निरीक्षण किया जाए। परीक्षा समाप्त होने के बाद गोपनीय सामग्री को निर्धारित रूट से पुलिस अभिरक्षा में डबल लॉक व्यवस्था के तहत सुरक्षित जमा कराया जाए। इस दौरान अपर पुलिस आयुक्त विजय धुल, डीसीपी नगर मनीष कुमार शांडिल्य, अपर जिलाधिकारी नगर सत्यम मिश्र समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।