इलाहाबाद। कोतवाली थाना क्षेत्र के मीरगंज की बदनाम गलियों में सेक्स वर्कर मीरा (26) के कत्ल की गुत्थी 48 घंटे बाद सुलझ नहीं सकी है। पुलिस ने रामरती के कोठे पर अक्सर दिखने वाले चार युवकों को उठाया है लेकिन उनसे कुछ उगलवा नहीं जा सका है। कोठे की एक सेक्स वर्कर ने किसी ग्राहक पर हत्या का आरोप लगाया है लेकिन पुलिस मान रही है कि हत्या की वजह देह मंडी की प्रतिद्वंद्विता भी हो सकती है।
मीरा, रामरती के कोठे पर चार माह पूर्व आई थी। मूलरूप से राजस्थान के टोंक जिले के सौंप गांव की मीरा से रामरती की रिश्तेदारी थी। रामरती उसके मां-पिता की समधन लगती है। रामरती पांच माह पूर्व उसके गांव गई थी और उसे साथ ले आई थी। मां हवाजान और पिता नाथू कंजर भी साथ आए थे। रामरती के कोठे की सेक्स वर्कर्स में सबसे कम उम्र की मीरा थी। जब से वह कोठे पर आई थी, अधिकांश ग्राहक उसके पास ही जाते थे। पुलिस मान रही है कि इसी को लेकर कोठे की अन्य सेक्स वर्कर्स से उसकी रार हो गई थी। जिस सेक्स वर्कर चंदा ने ग्राहक को कमरे से भागते हुए देखे जाने की बात कही थी, वही प्रमुख संदिग्ध है।
मीरा के आने के पहले कोठे पर उसी की चलती थी। सबसे अधिक नुकसान उसी को हो रहा था। पुलिस ने चंदा के आसपास मंडराने वाले विक्की और कमांडो नाम के युवकों को उठाया है। दो और युवक भी पुलिस की हिरासत में हैं। आशंका है कि कत्ल के बाद चंदा ने जानबूझ कर जांच भटकाने के लिए ग्राहक की बात उड़ा दी थी। शक इस कारण भी गहरा रहा है कि बिना पुलिस को खबर दिए, कोठे की सेक्स वर्कर उसे रिक्शे से निजी अस्पताल और काल्विन अस्पताल ले गईं। शाहगंज पुलिस से ही कोतवाली पुलिस को हत्या की खबर मिली थी।
मीरा को अस्पताल ले जाने के पहले उसके कपड़े भी बदल दिए गए थे। जिन कपड़ों पर चाकू मारने और खून के निशान थे, वह कोठे पर ही फेंक दिए गए थे। इसे पुलिस ने बरामद कर लिया है। मीरा की मौत सीने में चाकू के गहरे घाव से हुई। शनिवार को पिता नाथू, मां हवाजान, जीजा गोपाल समेत गांव के कई लोग पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया है। मीरा के घर वालों ने किसी पर आरोप नहीं लगाया है। मीरा तीन बहनों में बीच की थी।
पुलिस के अनुसार राजस्थान में मीरा के परिवार की कई महिलाएं सेक्स वर्कर हैं। मीरा भी अपने गांव में ही देह व्यापार करती थी। इलाहाबाद आने के बाद से मीरा अक्सर घर पर पांच सौ से एक हजार रुपये तक भेजती थी। पुलिस ने रामरती की दो बहुओं को भी हिरासत में ले रखा है। उनसे पूछताछ जारी है।
समाजसेवी सुनील चौधरी ने रेड लाइट एरिया को सीज करने की मांग की है। चेतावनी दी है कि अगर पुलिस ने कार्रवाई नहीं की तो क्षेत्र के लोग घंटाघर पर जाम लगाएंगे। सुनील ने कहा कि उनकी जान खतरे में है। उनको लगातार धमकियां मिल रही हैं। उन्होंने डीएम को मामले से अवगत भी करा दिया है।
‘पुलिस को पूछताछ में कई अहम सुराग मिले हैं। कुछ संदिग्ध से पूछताछ की जा रही है। जल्द ही हत्या के मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।’ वीपी श्रीवास्तव, एसएसपी