अतीक अहमद के बाद पुलिस की नजर उसके गुर्गों की भी संपत्तियों पर है। गोपनीय ढंग से जानकारी जुटाई जा रही है कि अतीक के आईएस 227 गिरोह के सदस्यों ने कहां और किस माध्यम से संपत्तियां बनाईं। पूरी जानकारी जुटाने के बाद पुलिस इन पर भी कार्रवाई करेगी।
अतीक अहमद की अवैध रूप से बनाई गई संपत्तियों पर पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। संपत्तियों के जब्तीकरण के साथ ही 16 कंपनियों में उसकी हिस्सेदारी की बात सामने आने पर ईडी को भी जांच के लिए लिखा गया है। दो दिन पहले ही पुलिस ने उसकी सात संपत्तियां कुर्क की और 14 सितंबर तक छह और संपत्तियां कुर्क की जानी हैं। अफसरों का कहना है कि जांच पड़ताल में सामने आया है कि अतीक के साथ रहकर उसके गिरोह के कई सदस्यों ने भी अकूत संपत्ति बनाई।
कई जगह आलीशान मकान खरीदे तो कई जगह जमीनों में पैसा लगाया। यही नहीं कई ऐसे हैं जो अवैध रूप से कमाई गई दौलत से ही प्रॉपर्टी डीलिंग का काम कर रहे हैं। ऐसे में पुलिस ने उनके बारे में भी जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। मामले में पुलिस अफसर कुछ खुलकर बोलने को तैयार नहीं हैं लेकिन उनका कहना है कि गोपनीय ढंग से जानकारी एकत्र कराई जा रही है। अवैध रूप से बनाई गई संपत्तियों पर कार्रवाई की जाएगी।