करछना थाना क्षेत्र में लूट को अंजाम देने वाले चार बदमाशों से बुधवार रात पुलिस की मुठभेड़ हुई। जिसमें दो बदमाश पप्पू सोनकर और अरविंद सोनकर के पैर में गोली लगी है। उन्हें पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जबकि दो आरोपी उमेश व विवेक फरार हो गए। घायलों को पुलिस ने एसआरएन में इलाज के लिए भर्ती कराया है।
22 दिसंबर को करछना थाना क्षेत्र के घोड़ेडीह गांव के पास सराफा कारोबारी चंदन सोनी को बाइक सवार बदमाशों ने गोली मारकर दो किलो चांदी और 20 ग्राम सोना लूट लिया था और फरार हो गए थे।
करछना थाना क्षेत्र के पूरा घीसन चौराह स्थित लक्ष्मी ज्वेलर्स की संचालिका कविता विश्वकर्मा 21 जनवरी की शाम स्कूटी से घर जा रही थीं। इस दौरान तेवरिया की पुलिया पर बाइक सवार बदमाशों ने कविता के सिर पर डंडे से वार किया और डेढ़ किलो चांदी, 6500 नकदी, डिजिटल तराजू व स्कूटी लेकर फरार हो गए।
घटना के बाद पुलिस ने बदमाशों को दबोचने के लिए टीम बनाई। बुधवार रात मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर बदमाशों को दबोचने की कोशिश की। इस दौरान बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में सोहबतियाबाग निवासी पप्पू सोनकर और अरविंद सोनकर के पैर में गोली लगी। पुलिस दोनों को गिरफ्तार कर एसआरएन ले आई। जबकि बारा थाना क्षेत्र निवासी उमेश कोल, सोहबतियाबाग झोपड़पट्टी निवासी विवेक सोनकर मौका पाकर फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है। डीसीपी यमुनापार के विवेक चंद्र यादव ने बताया कि चार बदमाशों की पुलिस से मुठभेड़ हुई थी। जिसमें से दो के पैर में गोली लगी है। उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। जबकि दो फरार हो गए हैं। उनकी तलाश की जा रही है।