ट्रक से कुचलकर इंटर की छात्रा की मौत के बाद सड़क पर शव रखकर घंटों जाम लगाने के मामले में बहरिया पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 150 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
सरायगनी निवासी शैलेश कुमार मौर्य की पुत्री वैष्णवी मौर्या उर्फ अनुपम इंटर की छात्रा थी। मंगलवार तो वह अपने फुफेरे भाई प्रदीप मौर्य के साथ परीक्षा केंद्र देखकर वापस आ रही थी। धमौर मोड़ पर अज्ञात ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी थी। इससे वैष्णवी की मौत हो गई थी। वहीं प्रदीप घायल है।
घटना से आक्रोशित लोगों ने बहरिया नहर चौराहे पर शव रखकर जाम लगा दिया था। पुलिस ने किसी तरह से फाफामऊ गद्दोपुर से ट्रक को बरामद किया, तब जाकर लोग सड़क से हटे।
मामले में एसआई अमित कुमार सिंह की तहरीर पर पुलिस ने अनिल यादव निवासी दौलतपुर, करन साहू निवासी फाजिलाबाद उर्फ कालूपुर, शिवम दुबे निवासी सरायगनी, अभिषेक गर्ग निवासी सरायगनी, सुनील गौतम निवासी दौलतपुर, शनि प्रजापति निवासी सरायगनी, अरविंद मौर्य निवासी भरेहता, मो. आसिफ निवासी सरायगनी, लवकुश यादव निवासी फाजिलाबाद उर्फ कालूपुर एवं छात्रा के परिजन सहित 150 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
एसीपी फूलपुर विवेक यादव ने बताया कि माहौल बिगाड़ने एवं सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने के आरोप में 150 लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।