- चोरी की बाइक भी मिली, मऊ से लाकर बेचते थे असलहे
प्रयागराज। लालापुर पुलिस ने शुक्रवार को दो रिवाल्वर समेत दस असलहों के साथ दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों मऊ से असलहा लाकर यहां महंगे दामों में बेचते थे। उनके पास से चोरी की बाइक भी मिली है, जहां से वह असलहा खरीदते थे, पुलिस उनके बारे में भी पता कर रही है। अज्ञात में उनके खिलाफ भी रिपोर्ट दर्ज कराई जा रही है।
लालापुर पुलिस और यमुनापार क्राइम ब्रांच को पता चला था कि करेली के गौसनगर का रहने वाला फैज उर्फ फज्जू और करछना के खाई गांव का रहने वाला मंगला असलहा तस्करी करते हैं। शुक्रवार को लालापुर इलाके से दोनों को पकड़ लिया गया। उनके पास से चोरी की एक बाइक बरामद हुई। झोले में दो देशी रिवाल्वर और आठ तमंचे रखे थे। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वह चित्रकूट मऊ के गांव से असलहा ला रहे हैं। इन असलहों को वह दो से ढाई हजार रुपये में बेच देते हैं।
रिवाल्वर बेचने पर उन्हें दस हजार से ज्यादा का फायदा मिलता है। बताया, वह पिछले कई सालों से असलहे लाकर यहां बेच रहे हैं। एसओ लालापुर अमित राय ने बताया कि जिन लोगों से वह असलहा खरीदते थे, उनके खिलाफ भी पुलिस कार्रवाई करेगी। एसओ के मुताबिक पकड़े गए दोनों तस्कर बेहद शातिर हैं। उनके खिलाफ पहले से ही मुकदमे दर्ज हैं। बाइक उन्होंने शहर से चुराई थी।