चरवा कोतवाली के सिरियावा कला गांव में शादी के दौरान हुई हर्ष फायरिंग का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने पर पुलिस हरकत में आई और वीडियो में फायरिंग करते दिख रहे प्रधान समेत चार लोगों को हिरासत में ले लिया। साथ ही मौके से दो लाइसेंसी राइफल भी बरामद किया है। जबकि वीडियाे में दिख रहे अन्य असलहों की जांच प्रक्रिया जारी है। वायरल वीडियो में शादी के दौरान आधा दर्जन से अधिक असलहों से ताबड़तोड़ फायरिंग की जा रही है। हालांकि अमर उजाला वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
सिरियांवा कलां गांव निवासी साजिद प्रधान हैं, उनके चचेरे भाई की शादी का कार्यक्रम था। कार्यक्रम में ग्राम प्रधान समर्थकों के साथ खुलकर हर्ष फायरिंग कर रहा था। इसी दौरान किसी ने फायरिंग का वीडियो बना लिया। हर्ष फायरिंग की वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गया और मामला पुलिस तक पहुंच गया। वायरल वीडियो के संज्ञान में आते ही चरवा कोतवाली पुलिस टीम सक्रिय हुई और छापेमारी कर आरोपी प्रधान समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने मौके से दो लाइसेंसी राइफल भी बरामद की है। जबकि अन्य असलहों की जांच प्रक्रिया जारी है। यह वीडियो दो दिन पहले की बताई जा रही है। सीओ अभिषेक सिंह ने बताया कि इस तरह की खतरनाक हर्ष फायरिंग न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि जन-जीवन को गंभीर खतरे में डालती है। उन्होंने कहा कि वीडियो के आधार पर अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है और जिन असलहों का उपयोग किया गया, उनकी वैधता और लाइसेंस की जांच की जा रही है। दोषी पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।