अक्षयवट कॉरिडोर का निरीक्षण करती पीएमओ की टीम।
- फोटो : अमर उजाला।
टीम ने शनिवार को महाकुंभ के सभी कार्यों की समीक्षा व निरीक्षण किया। सुबह 10 बजे से तीन घंटे तक चली बैठक में मेलाधिकारी विजय किरन आनंद ने महाकुंभ के कार्यों एवं उनकी प्रगति की जानकारी दी। मेलाधिकारी ने रेलवे स्टेशनों एवं सड़क मार्ग से आने वाली भीड़, उनके प्रबंधन आदि के बारे में विस्तार से बताया। लेकिन, रिंग रोड, प्रयागराज-रायबरेली मार्ग, रिवर फ्रंट रोड, मेले की बसावट समेत कई कार्यों की धीमी प्रगति सदस्यों ने चिंता जताई।
कहा, तय तारीख के भीतर सभी काम पूरे कर लिए जाएं। सदस्यों ने एनएचएआई की परियोजनाओं समेत कई अन्य कार्यों का निरीक्षण भी किया। टीम आईईआरटी पार्किंग, सलोरी पुल देखने के बाद छह लेन पुल का निर्माण कार्य देखने पहुंची। इसके बाद प्रयागराज-रायबरेली मार्ग का निरीक्षण किया। सदस्यों ने इन कार्यों में तेजी लाने व समय से पूरा करने के निर्देश दिए।
इसके बाद सदस्यों ने दशाश्वमेध घाट से होते रिवर फ्रंट रोड व अक्षयवट कॉरिडोर का निरीक्षण किया। उन्होंने नैनी में एसटीपी आदि का भी निरीक्षण किया। सदस्यों को अंदावा में रिंग रोड व नैनी में बसवार कूड़ा निस्तारण प्लांट देखने के लिए भी जाना था। लेकिन, अन्य कार्यों के निरीक्षण में ही रात हो गई। अब रविवार को इन कार्यों के निरीक्षण की बात कही जा रही है। मेलाधिकारी विजय किरन आनंद ने बताया कि पीएमओ की टीम को महाकुंभ की पूरी जानकारी दी गई। टीम रविवार को भी रहेगी।
एसटीपी संग देखा सीएनजी प्लांट, एनजीटी के निर्देशों पर रही नजर
पीएम कार्यालय की टीम ने नैनी में नवनिर्मित एसटीपी व नगर निगम की ओर से बनाए गए एमआरएफ सेंटर का भी निरीक्षण किया। प्रयागराज में 39 नालों का पानी सीधे नदियों में गिर रहा है। एसटीपी के पूरी क्षमता से काम नहीं करने की बात भी सामने आई है। इस पर एनजीटी ने सख्त टिप्पणी करने संग सरकार से जवाब मांगा है। पीएमओ की टीम ने एनजीटी के निर्देशों भी जानकारी ली, उसी के अनुरूप निर्माण कराने के निर्देश दिए। पीएमओ की टीम ने नैनी में बन रहे सीएनजी प्लांट का भी निरीक्षण किया।