कार्तिक पूर्णिमा पर उमड़ा जन ज्वार, हजारों श्रद्धालुओं ने गंगा में लगाई पुण्य की डुबकी
कार्तिक पूर्णिमा शुक्रवार को गंगा के विभिन्न घाटों पर हजारों श्रद्धालुओं ने पुण्य की डुबकी लगाई। स्नान के बाद भक्तों ने दीपदान किया। शक्तिपीठ शीतला धाम में देवी दर्शन को भक्तों की भीड़ लगी रही। वहीं, मेले में महिलाओं-बच्चों ने जमकर खरीदारी की।
पौराणिक मान्यता के अनुसार कार्तिक पूर्णिमा पर पवित्र नदी में स्नान-दान करने से पुण्य मिलता है। इस दिन दान और नदियों के किनारे दीपक जलाया जाता है। शुक्रवार को कड़ा के कुबरी, कालेश्वर, हनुमान, वृंदावन, बाजार, बदनपुर, शहजादपुर, संदीपन, पल्हाना के गंगा घाटों पर भोर से ही श्रद्धालुओं ने पहुंचकर स्नान किया।
कड़ा क्षेत्र के घाटों पर आस्था की डुबकी लगाने के बाद श्रद्धालुओं ने दान-पुण्य व दीपदान किया। इसके बाद जयकारा लगाते हुए मां शीतला के दरबार पहुंचे। नारियल-चुनरी आदि का प्रसाद चढ़ाकर मां से परिवार की खुशहाली की कामना की। कड़ा धाम में लगे कार्तिक मेले में भक्तों ने जमकर खरीदारी की। महिलाओं ने शृंगार प्रसाधन के साथ घरेलू सामानों और बच्चों ने खिलौनों की खरीदारी की।
वाहनों के प्रवेश पर रही पाबंदी
कार्तिक मेले में स्थानीय के अलावा प्रतापगढ़, फतेहपुर, मिर्जापुर, जौनपुर, भदोही, सुल्तानपुर, चंदौली से बड़ी संख्या भक्त पहुंचे। सभी ने दर्शन-पूजन किया। भीड़ को देखते हुए सीओ सिराथू अवधेश विश्वकर्मा ने थानाध्यक्ष धीरेंद्र सिंह के साथ मेला क्षेत्र का भ्रमण किया। पुलिस चेक प्वाइंट को देखा। बैरिकेडिंग पर तैनात पुलिस कर्मियों को सख्त हिदायत दी कि वाहनों को प्रवेश नहीं दिया जाए।