फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हर काम पर लगेगा पीएम के नाम का पत्थर

Fri, 14 Dec 2018 01:52 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो, प्रयागराज
विज्ञापन
pm modi rally - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
शहर के हर सड़क तथा अन्य विकास कार्यों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम का पत्थर होगा। प्रधानमंत्री रविवार को डेढ़ दर्जन विभागों के 342 कार्यों का लोकार्पण करेंगे। इनके निर्माण की लागत 2712 करोड़ रुपये है। संगम में पूजन और दर्शन के बाद प्रधानमंत्री झूंसी में जनसभा को संबोधित करेंगे। वहीं पर वे कुंभ के मद्देनजर हुए कार्यों का लोकार्पण करेंगे। इनमें इंटीग्रेटेड कमांड कंट्रोल सेंटर, सिविल इन्क्लेव, एयरपोर्ट को जोड़ने वाली सड़क, सभी आरओबी, आरयूबी, फ्लाईओवर आदि बड़े काम शामिल हैं। बुधवार देर रात में लोकार्पण वाले कार्यों की सूची फाइनल कर दी गई। लोकार्पण वाले कार्यों की लंबी सूची को देखते हुए झूंसी में सभा स्थल पर इन पत्थरों को लगाने के लिए अलग गैलेरी बनाई गई है।
विज्ञापन


प्रधानमंत्री के 16 दिसंबर के आगमन तथा उनसे एक दिन पहले शनिवार को आ रहे विदेशी मेहमानों के स्वागत की तैयारियों को लेकर देर रात तक प्रशासनिक अफसर मंथन करते रहे। संगम तथा आयोजन वाले अन्य स्थलों पर बेरिकेडिंग भी शुरू हो गई है। आम लोग तो इन स्थानों पर नहीं जा सकेंगे। पास वाले भी निश्चित स्थान तक ही जा पाएंगे। प्रधानमंत्री गंगा आरती तथा पूजन करेंगे। इसके लिए संगम पर भव्य स्टेज बनाया जा रहा है।

कुंभ के मद्देनजर हो रहे ज्यादातर कार्यों का लोकार्पण प्रधानमंत्री करेंगे लेकिन सूची में शामिल कई काम अभी अधूरे हैं। कई चौराहों का काम तो काफी पीछे है। मंडलायुक्त डॉ.आशीष कुमार गोयल ने प्रधानमंत्री के हाथों लोकार्पण वाले निर्माण कार्यों की सूची बुधवार को ही मांग ली थी, बृहस्पतिवार को उन्होंने उनकी प्रगति देखी और जरूरी निर्देश दिए। मंडलायुक्त, डीएम सुहास एलवाई, कुंभ मेलाधिकारी ने आयोजन वाले सभी स्थलों का निरीक्षण किया। निरीक्षण और बैठकों का दौर देर रात तक चलता रहा। इन स्थलों पर सभी कार्य एसपीजी के निर्देशन में हो रहे हैं।
विज्ञापन


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मिनट टू मिनट कार्यक्रम आ गया है। वह रविवार को दिन में पौने एक बजे आ जाएंगे। उनका विमान एमएनएनआईटी परिसर में बन रहे हेलीपैड पर उतरेगा। वहां से सड़क मार्ग से वह संगम जाएंगे। संगम में गंगा पूजन तथा आरती करेंगे। अक्षय वट तथा बड़े हनुमानजी का दर्शन भी करेंगे। वह कमांड सेंटर भी जाएंगे। प्रधानमंत्री वहां से एमएनएनआईटी वापस आएंगे। फिर हेलीकॉप्टर से झूंसी स्थित सभा स्थल पर जाएंगे। वहां से करीब चार बजे वह बमरौली एयरपोर्ट जाएंगे। वहां से विशेष विमान से दिल्ली के लिए रवाना होंगे।


कुंभ की भव्यता देखने के लिए आ रहे विदेशी राजदूतों के स्वागत की हर स्तर पर तैयारी की जा रही है। उन्हें खाना भी ताज की टीम खिलाएगी। खाने में उनकी पसंद का पूरा ध्यान रखा जाएगा। विदेशी डेलीगेट्स का विशेष विमान करीब साढ़े नौ बजे बमरौली एयरपोर्ट पर उतरेगा। वह छह वाल्वो बस से संगम के लिए रवाना होंगे। उनके लिए होटल बुक किया गया है लेकिन, संशोधित कार्यक्रम के तहत वे वहां रुकेंगे नहीं। सीधे संगम जाएंगे। रास्ते में एकलव्य चौराहा से बालसन तक बच्चों की झांकी उनका स्वागत करेगी। इसमें 20 से अधिक स्कूलों के करीब आठ हजार बच्चे शामिल होंगे। अलग-अलग प्रदेश के परिधान में सजे बच्चे मेहमानों को देश की संस्कृति से रूबरू कराएंगे। संगम में भी उनके स्वागत की विशेष तैयारी की गई है। वहीं पर उनके भोजन की तैयारी की जा रही है। करीब साढ़े तीन बजे वे बमरौली वापस होंगे तथा वहां से दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें