'मोदी' गुरुवार को बिना किसी सूचना के प्रयागराज पहुंच गए। उनके आने का पहले से कोई कार्यक्रम तय नहीं था। जी हां आप हैरान हो रहे होंगे कि देश के पीएम बिना प्रोटोकॉल और तय कार्यक्रम के बिना कहीं भी कैसे जा सकते हैं। तो आप हैरान मत होइए। यहां हम बात प्रधानमंत्री मोदी की नहीं बल्कि उनके हमशक्ल सहारनपुर निवासी अभिनंदन पाठक की कर रहे हैं। अभिनंदन पाठक को देखकर कोई भी चौंक सकता है, वह बिल्कुल प्रधानंत्री मोदी जैसे दिखते हैं। उनका पहनावा भी बिल्कुल मोदी जैसा ही है।
अभिनंदन खुद को मोदी भक्त कहते थे और वह मोदी की खूब तारीफ करते थे। कुछ दिन पहले उन्होंने भाजपा पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अपमान करने का अरोप लगाया था, लेकिन आजकल भाजपा से नाराज चल रहे हैं। इसकी वजह जो सामने आ रही है वह यह है कि, छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव के लिए जब बिगुल बजा था और सभी राजनीतिक दल अपनी-अपनी तैयारियों में लग गए हैं। इसी बीच प्रधानमंत्री मोदी की तरह दिखने वाले अभिनंदन पाठक ने भाजपा मुख्यालय में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष से मुलाकात की थी। पाठक यहां भारतीय जनता पार्टी के प्रचारक बनने आए थे लेकिन पार्टी ने उन्हें स्वीकार नहीं किया। इस मुलाकात के बाद उनके तेवर बदले-बदले से नजर आए थे। पहले वह भाजपा का प्रचार करने की बात कर रहे थे, लेकिन मुलाकात के बाद उनके सुर बिल्कुल बदल गए।
अभिनंदन पाठक आजकल कांग्रेस पार्टी में शामिल हो गए हैं। उनका मन हुआ कि पांच राज्यों में चुनाव खत्म हो चुका है इस बीच आजकल चारों तरफ सिर्फ कुंभ की ही चर्चा है तो क्यों न कुंभ की तैयारी देख आएं, इसी ख्याल से गुरुवार को वह प्रयागराज पहुंच गए। हाईकोर्ट के पास स्थित हनुमान मंदिर के पास जब कुछ पत्रकारों ने जब उनसे अचानक प्रयागराज पहुंचने का कारण पूछा तो उन्होंने कहा कि, 'कुंभ की तैयारियों का जायजा लेने आया हूं।'
ऐसे में पत्रकार भी सोच में पड़ गए की जनाब किस हैसियत से कुंभ की तैयारियों का जायजा ले रहे हैं।