रोडवेज के सिविल लाइंस बस स्टेशन पर ट्रेनों की तर्ज पर अब बसों के आगमन प्रस्थान के लिए प्लेटफार्म का भी एनाउंसमेंट होगा। सिविल लाइंस बस स्टेशन पर शनिवार से यह सुविधा शुरू हो गई। एनाउंसमेंट और केंद्रीयकृत इनक्वायरी के माध्यम से यात्रियों को अब बस ढूंढने में दिक्कत नहीं होगी। यहां बसों के रूटवार प्लेटफार्म निर्धारित कर दिए गए हैं। हर प्लेटफार्म पर उसकी संख्या एवं वहां से मिलने वाली बसों का रूट उसमें लिखा गया है।
अभी तक सिविल लाइंस बस स्टेशन पर आने के बाद यात्रियों को यह मालूम नहीं पड़ता था कि उन्हें उनके गंतव्य के लिए बसें कहां से मिलेगी। इस समस्या को देखते हुए पिछले माह रूट वार चार्ट छह स्थानों पर लगाए गए। यानी की अगर किसी यात्री को लखनऊ, रायबरेली रूट पर जाना है तो वह बस स्टेशन के उस स्थान पर पहुंच जाए जहां संबंधित रूट का चार्ट लगा है। इसे और आसान बनाने के लिए बस स्टेशन पर संबंधित रूट चार्ट के साथ वहां प्लेटफार्म संख्या भी लिख दी गई है। उदाहरण के लिए अगर किसी यात्री को बहराइच-बस्ती-अयोध्या मार्ग पर जाना है कि वह सीधे प्लेटफार्म नंबर पांच पर पहुंच जाए। इसी तरह अन्य रूट के प्लेटफार्म भी बस स्टेशन पर निर्धारित किए गए हैं। रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक टीकेएस बिसेन के मुताबिक इस व्यवस्था से यात्रियों को अपने गंतव्य तक जाने वाली बस तक पहुंचने में सहूलियत होगी। यहां से संचालित बसों के लिए कुल छह प्लेटफार्म बनाए गए हैं।