Ratlam Railway Division increase Platform ticket price
- फोटो : अमर उजाला
रेलवे बोर्ड ने तकरीबन एक वर्ष बाद प्लेटफार्म टिकट की बिक्री करने की स्वीकृति दे दी है। उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज जंक्शन, कानपुर सेंट्रल, आगरा कैंट, झांसी आदि रेलवे स्टेशनों पर जल्द ही प्लेटफार्म टिकट यात्रियों को उपलब्ध होंगे। अभी उत्तर रेलवे ने नई दिल्ली के साथ कुछ अन्य प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर प्लेटफार्म टिकट की बिक्री की शुरूआत की है।
उत्तर रेलवे ने प्लेटफार्म टिकट का दाम तीन गुना बढ़ाते हुए 30 रुपये कर दिया है। पिछले वर्ष लगे लॉकडाउन के पूर्व प्लेटफार्म टिकट का दाम 10 रुपये ही था। तब कोविड के बढ़ते केस की वजह से प्लेटफार्म टिकट की बिक्री पर रोक लगाई गई थी। अनलॉक होने के बाद लगातार बढ़ रही यात्री ट्रेनों की संख्या के मद्देनजर रेलवे बोर्ड के कार्यकारी निदेशक (पैसेंजर व मार्केटिंग) नीरज शर्मा ने सभी जोनल रेलवे को पत्र जारी कर प्लेटफार्म टिकट बेचने की स्वीकृति दी है।
हालांकि प्लेटफार्म टिकट बेचने की अंतिम अनुमति देने का अधिकार जोनल रेलवे पर छोड़ा दिया है। किस स्टेशन पर प्लेटफार्म टिकट की कीमत क्या होगी, यह मंडल रेल प्रशासन तय करेगा। चर्चा है कि जहां यात्रियों की संख्या कम होगी वहां प्लेटफार्म टिकट की कीमत दस रुपये रहेगी। जबकि, अधिक भीड़ भाड़ वाले स्टेशन प्लेटफार्म टिकट 50 रुपये तक बढ़ाई जा सकती है।
इस बारे में प्रयागराज मंडल के सीनियर डीसीएम अंशु पांडेय का कहना है कि प्लेटफार्म टिकट की बिक्री का प्रस्ताव भेजा जा चुका है। जोनल मुख्यालय से अनुमति मिलते ही प्रयागराज, कानपुर सेंट्रल आदि रेलवे स्टेशनों पर इसकी बिक्री शुरू कर दी जाएगी। कहा कि अनुमति मिलने के बाद ही प्लेटफार्म टिकट के रेट का निर्धारण किया जाएगा।