दिल्ली के लिए प्रतिदिन विमान सेवा शुरू होने के बाद अब प्रयागराज से मुंबई की उड़ान को भी सप्ताह के सातों दिन संचालित करने की कवायद तेज हो गई है। निजी विमानन कंपनियां अकासा एयर और इंडिगो अपने मुंबई शेड्यूल को छह दिन से बढ़ाकर सात दिन करने पर विचार कर रही हैं। सब कुछ ठीक रहा तो माघ मेला शुरू होने से पहले शनिवार के दिन भी मुंबई के लिए सीधी फ्लाइट की सुविधा मिलने लगेगी।
वर्तमान में प्रयागराज एयरपोर्ट से मुंबई के लिए शनिवार को दोनों ही कंपनियों के विमान उड़ान नहीं भरते हैं। दरअसल, पिछले कुछ समय से प्रयागराज एयरपोर्ट पर शनिवार का दिन ‘नो फ्लाइट डे’ जैसा हो गया था। इस दिन एक भी विमान का संचालन नहीं हो रहा था। हालांकि, यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए शनिवार, 21 नवंबर से ही इंडिगो ने दिल्ली की उड़ान को छह दिन से बढ़ाकर सात दिन कर दिया है।
दूसरी ओर, एयरपोर्ट प्रशासन भी हवाई कनेक्टिविटी का दायरा बढ़ाने में जुटा है। प्रयागराज से पुणे और कोलकाता जैसे प्रमुख शहरों के लिए सीधी उड़ान शुरू करने का प्रस्ताव विमानन कंपनियों को दोबारा भेजा जा रहा है। एयरपोर्ट निदेशक नवनीत गुप्ता ने बताया कि प्रशासन का पूरा प्रयास है कि प्रयागराज एयरपोर्ट से देश के कई अन्य महत्वपूर्ण शहरों की सीधी हवाई कनेक्टिविटी सुनिश्चित हो सके।