प्रयागराज। कोरोना वायरस से निबटने के लिए अब यज्ञ-अनुष्ठान आरंभ हो गए हैं। तीर्थपुरोहित समाज की ओर से बृहस्पतिवार को कोरोना वायरस को खत्म करने के लिए यज्ञ किया गया। तीर्थ पुरोहित सत्येंद्र तिवारी लाल की मौजूदगी में अंकुश शर्मा के आचार्यत्व में यज्ञ हुआ।
त्रिवेणी संगम से प्रार्थना की गई कि इस वायरस का प्रकोप प्रयागराज समेत देश, प्रदेश के नागरिकों को न झेलना पड़े। आहुति देने वालों में हेमंत पांडेय चिंटू, अवधेश शर्मा, विजय मिश्रा, सागर पांडेय, नृपेंद्र पांडेय, शांतनु शर्मा, श्रीधर पांडेय, देव भारद्वाज, रॉबिन केसरवानी, रिंकू श्रीवास्तव, भैया जी वर्मा, सुशील मिश्रा, विपिन भारद्वाज, प्रशांत पांडेय, ऋषभ मिश्रा, राज पांडेय, राज शर्मा, मोनू पंडा समेत तमाम लोग शामिल थे।
कोरोना प्रभावित मरीजों को एसआरएन में भर्ती करने की अफवाह, होगी कार्रवाई
कोरोना प्रभावित दो मरीजों को एसआरएन अस्पताल में भर्ती किए जाने की अफवाह से हड़कंप मचा है। बुधवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुई इस खबर की पुष्टि करने को लोग परेशान रहे। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. एसपी सिंह का दावा है कि एसआरएन अस्पताल में कोरोना संक्रमित कोई मरीज भर्ती नहीं किया गया। उन्होंने बताया कि कोरोना प्रभावित लोगों के इलाज संबंधी अफवाह फैलाने वालों की सूचना जिला प्रशासन और पुलिस को दी गई है। वहीं प्रशासनिक अफसरों की डीएम की अध्यक्षता में हुई बैठक में तय किया गया कि अफवाह फैलाने वालों के चिह्नित कर कार्रवाई की जाएगी।
कोरोना वायरस के कारण होली मिलन स्थगित
जिला अधिवक्ता संघ ने इस साल होली मिलन का कार्यक्रम नहीं करने का निर्णय लिया है। एल्डर कमेटी की बैठक में तय किया गया है कि कोरोेना वायरस के कारण इस साल होली मिलन का कार्यक्रम नहीं होगा। संघ ने सात मार्च को होली मिलन का कार्यक्रम तय किया था।