Prayagraj News :घटना के बाद मौके पर जुटी भीड़।
- फोटो : prayagraj
मृतक परिवार के करीबी भी रडार पर
उधर सूत्रों का कहना है कि नामजद आरोपियों और भट्ठा संचालक पुत्र केसाथ ही जांच टीम के रडार पर मृतकों के कुछ करीबी भी हैं। दरअसल जांच में लगी टीम को सबसे ज्यादा यह बात खटक रही है कि एक साथ चार-चार शव 24 घंटे से ज्यादा वक्त तक घर में पड़े रहे और किसी को इसकी भनक नहीं लगी। जबकि जिस घर में यह वारदात हुई वह सड़क से लगभग सटा हुआ है। पड़ोस में ही भाई भी परिवार समेत रहते हैं, लेकिन उन्हें भी घटना की जानकारी बृहस्पतिवार को हुई।
यही वजह है कि कई करीबी भी जांच के दायरे में हैं। यह पता लगाया जा रहा है कि मृतक के घर में किसका सबसे ज्यादा आना-जाना था। क्या परिवार के अलावा भी कुछ लोग थे, जिनका मृतकों से मिलना जुलना था। आस पड़ोस में रहने वालों का भी पता लगाया जा रहा है। यह भी जानकारी जुटाई जा रही है कि वारदात के बाद से गांव का कोई व्यक्ति लापता तो नहीं है।
मीरापुर से पकड़ा गया एक नामजद आरोपी
वारदात में नामजद एक आरोपी गांव से भागकर शहर में आकर छिप गया था। दरअसल एक आरोपी की ससुराल अतरसुइया के मीरापुर में है। वारदात के बाद वह यहां रहने वाले अपनी पत्नी के भाई के घर चला आया था, जो बिजली विभाग में कर्मचारी है। हालांकि उसने वारदात के संबंध में उनको कुछ नहीं बताया। ऐसे में वह भी बेखबर रहे। इस बीच पुलिस टीम को उसके शहर में होने की भनक लगी, जिसके बाद देर रात दबिश देकर पुलिस ने नामजद आरोपी को हिरासत में ले लिया। साथ ही उसकी पत्नी के भाई को भी हिरासत में ले लिया और फिर दोनों को साथ लेकर चली गई। देर रात तक उनसे पूछताछ चलती रही।
तीन को छोड़कर अन्य सभी नामजद आरोपी पकड़े जा चुकेहैं जिनसे पूछताछ जारी है। विवेचना जारी है और वैज्ञानिक साक्ष्य भी एकत्र किए जा रहे हैं। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। - सर्वश्रेष्ठ त्रिपाठी, डीआईजी
Prayagraj News : फाफामऊ के गोहरी गांव पहुंचीं प्रियंका गांधी। भीड़ को नियंत्रित करती पुलिस।
- फोटो : प्रयागराज
भट्ठा संचालक का बेटा भी संदिग्ध, हिरासत में
फाफामऊ में एक साथ चार हत्याओं के मामले में पुलिस ने ईंट भट्ठा संचालक के बेटे को हिरासत में ले लिया है। जांच पड़ताल के दौरान यह बात सामने आई है कि उसका किशोरी से मिलना जुलना था। पुलिस ने पूछताछ के लिए भट्ठा संचालक को भी उठा लिया है।
मृतक फूलचंद के घर के ठीक पीछे एक ईंट भट्ठा है। इसका संचालक फाफामऊ के ही रूदापुर गांव का रहने वाला है। उसके चार बेटे हैं, जिनमें से एक अक्सर भट्ठे पर आया जाया करता था। सूत्रों के मुताबिक, जांच पड़ताल में जुटी टीमों को पता चला है कि भट्ठे पर आने जाने के दौरान ही संचालक के बेटे की मृतक किशोरी से जान पहचान हुई और फिर वह उससे मिलने जुलने लगा। सूत्रों का कहना है कि यह जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया, जिससे शुक्रवार को दिन भर पूछताछ चलती रही।
सूत्रों का तो यहां तक कहना है कि उसने किशोरी से मिलने-जुलने की बात स्वीकार की है। लेकिन हत्याकांड में खुद के शामिल होने की बात से फिलहाल इनकार किया है। भट्ठा संचालक के बेटे का कहना था कि कई दिनों से उसकी किशोरी से मुलाकात नहीं हुई। हालांकि अफसरों का कहना है कि अभी यह नहीं कहा जा सकता कि वह सच बोल रहा है या नहीं। फिलहाल घटना के वक्त उसकी लोकेशन का पता लगाया जा रहा है। जानकारी जुटाई जा रही है कि वारदात के वक्त वह कहां था।
Prayagraj News : फाफामऊ में चार लोगों की हत्या के बाद मौके पर जुटी भीड़।
- फोटो : प्रयागराज