Prayagraj News : फाफामऊ में चार लोगों की हत्या के बाद मौके पर जुटी भीड़ और छानबीन करती पुलिस।
- फोटो : prayagraj
गोहरी हत्याकांड का राज खोलने के लिए जेल भेजे गए तीनों आरोपियों का नारको टेस्ट भी कराया जा सकता है। हत्याकांड के खुलासे के लिए अब तक की गई सभी कवायदों का रिजल्द जीरो रहने के बाद पुलिस इसकी भी तैयारी में है। सब कुछ ठीक रहा तो जल्द ही इसके लिए कोर्ट में अर्जी दी जाएगी।
हत्याकांड को 15 दिन बीत चुके हैं लेकिन, अब भी पुलिस कुछ ठोस खुलासे की स्थिति में नहीं है। मृतक परिवार के पड़ोसी पवन सरोज और हत्याकांड में मारी गई युवती के प्रेमी शशि पटेल व उसके मौसेरे भाई रजनीश को जेल भेजा गया है लेकिन उनकी संलिप्तता को लेकर पुलिस के पास कोई ठोस सबूत नहीं हैं। तीनों को ही जेल भेजने का जो आधार पुलिस ने बनाया है, वह परिस्थितिजन्य साक्ष्य हैं। लेकिन घटनास्थल पर उनकी मौजूदगी, उनके फिंगर प्रिंट, डीएनए सैंपल की रिपोर्ट आदि बहुत से बिंदु ऐसे हैं, जिसका जवाब नहीं खोजा जा सका है।
Prayagraj News : फाफामऊ में चार लोगों की हत्या के आरोप में पकड़ा गया आरोपी।
- फोटो : प्रयागराज
यही वजह है कि अब इस बात पर भी विचार हो रहा है कि जेल भेजे गए तीनों आरोपियों का नारको टेस्ट कराया जाए। माना जा रहा है कि नारको टेस्ट इस केस में बेहद अहम हो सकता है क्योंकि तीनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस के पास परिस्थिति जन्य साक्ष्य मौजूद हैं। सूत्रों का कहना है कि सहमति बनी तो जल्द ही इस संबंध में कोर्ट में अर्जी दी जा सकती है। हालांकि इस बारे में अफसर अभी कुछ बोलने को तैयार नहीं हैं।
Prayagraj News : फाफामऊ हत्याकांड के आरोप में पकड़ा गया कथित हत्यारोपी।
- फोटो : प्रयागराज
आरोपियों की अनुमति है जरूरी
नारको टेस्ट के लिए आरोपियों की सहमति जरूरी है। जानकारों का कहना है कि पुलिस की ओर से अर्जी दिए जाने के बाद कोर्ट आरोपियों से उनकी सहमति के बारे में पूछेगी। आरोपी तैयार हुए तो कोर्ट पुलिस को उनका नारको टेस्ट कराने की अनुमति देगी और अन्यथा की स्थिति में अर्जी खारिज कर दी जाएगी। गौरतलब है कि अखाड़ा परिषद के पूर्व अध्यक्ष नरेंद्र गिरि की मौत की गुत्थी सुलझाने के लिए सीबीआई ने भी आरोपी आनंद गिरि समेत तीन आरोपियों के नारको टेस्ट की अनुमति कोर्ट से मांगी थी।