उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड की टीजीटी-पीजीटी परीक्षा प्रदेश के 11 मंडल मुख्यालयों पर 15 से 17 जून के बीच होगी। पहले दिन 15 जून को पीजीटी परीक्षा होगी। पहली पाली में 205 केंद्र एवं दूसरी पाली में 197 केंद्रों पर परीक्षा होगी। पीजीटी परीक्षा में दोनों पालियों में कुल एक लाख 88 हजार परीक्षार्थी शामिल होंगे। पहली पाली में 10 से 12 बजे के बीच भौतिकी, अंग्रेजी, संस्कृत, गणित, इतिहास, कृषि, बाटनी, भूगोल, कला एवं वाणिज्य विषय की परीक्षा होगी। दूसरी पाली में केमेस्ट्री, हिंदी, जीव विज्ञान, नागरिक शास्त्र, अर्थशास्त्र, उर्दू, शारीरिक शिक्षा, मनोविज्ञान, संगीत, शिक्षाशास्त्र एवं समाजशास्त्र विषय की परीक्षा होगी।
दूसरे एवं तीसरे दिन क्रमश: 16 एवं 17 जून को प्रदेश में 3.34 लाख परीक्षार्थी टीजीटी परीक्षा में शामिल होंगे। दूसरे दिन पहली पाली में 182 एवं दूसरी पाली में 182 केंद्रों पर परीक्षा होगी। पहली पाली में सामाजिक विज्ञान, उर्दू, संगीत, कृषि एवं दूसरी पाली में संस्कृत, गणित एवं कला की परीक्षा होगी। तीसरे दिन पहली एवं दूसरी पाली में क्रमश: 218 एवं 199 केंद्र बनाए गए हैं। तीसरे दिन पहली पाली में टीजीटी हिंदी, अंग्रेजी, विज्ञान एवं दूसरी पाली में जीव विज्ञान, गृह विज्ञान एवं वाणिज्य की परीक्षा होगी। इलाहाबाद में पहले दिन पहली पाली में 39 एवं दूसरी पाली में 37 केंद्रों पर परीक्षा होगी।