Petition seeking response against encroachment on drain
प्रयागराज। लोकसेवा आयोग और धोबीघाट चौराहे के बीच सड़क की दाहिनी पटरी पर बने नाले पर अतिक्रमण के खिलाफ इलाहाबाद हाईकोर्ट में जनहित याचिका दाखिल की गई है। कोर्ट ने इस मामले में नगर निगम, विकास प्राधिकरण और अन्य संबंधित पक्षों को तीन सप्ताह में जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया है। याचिका में बॉयज हाई स्कूल से धोबी घाट चौराहे वाली सड़क पर बनाए गए फुटपाथ की चौड़ाई बढ़ाने की भी मांग की गई है। रामानंद शुक्ल की जनहित याचिका पर श न्यायमूर्ति भारती सप्रू और न्यायमूर्ति रोहित रंजन अग्रवाल की खंडपीठ ने सुनवाई की।
याचिका में कहा गया है कि लोक सेवा आयोग से धोबी घाट चौराहे की ओर आने वाली सड़क की दाहिनी पटरी पर स्थित नाले पर अवैध रूप से कब्जा कर लिया गया है। एक गुणा एक मीटर के इस नाले में बीच में कब्जा कर ड्रेन पाइप लगा दिया गया है। जिससे बरसात के दिनों में यहां स्थित मकानों में पानी भर जाता है, स्थानीय नागरिकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है । याचिका में मांग की गई है कि अतिक्रमण को हटाया जाए । इसी प्रकार से ब्वॉयज हाईस्कूल से धोबी घाट चौराहे की ओर आने वाली सड़क पर बनाए गए फुटपाथ की चौड़ाई धोबी घाट चौराहे की ओर बढ़ने पर कम होती जा रही है। इसे भी दुरुस्त कराए जाने की जरूरत है। कोर्ट ने संबंधित पक्षों को नोटिस जारी करते हुए जवाब मांगा है। याचिका पर तीन सप्ताह के बाद सुनवाई होगी।