प्रयागराज। हाथरस कांड की जांच सीबीआई से कराने, पीड़ित परिवार को मुआवजा और सुरक्षा देने आदि मांगों को लेकर इलाहाबाद हाईकोर्ट में जनहित याचिका दाखिल की गई है। याचिका हाईकोर्ट लखनऊ बेंच में प्रैक्टिस कर रहीं अधिवक्ता मंजूषा भारती ने दाखिल की है। याचिका पर मंगलवार को न्यायमूर्ति एमएन भंडारी और न्यायमूर्ति पीयूष अग्रवाल की पीठ में सुनवाई हुई।
अपर शासकीय अधिवक्ता मुर्तजा अली ने कोर्ट को बताया कि इन्हीं सब मांगों को लेकर सुप्रीमकोर्ट में मंगलवार को सुनवाई हुई है। सुप्रीमकोर्ट में राज्य सरकार ने सीबीआई जांच पर सहमति जताई है। सुप्रीमकोर्ट ने राज्य सरकार से पीड़ितों की सुरक्षा और मुआवजे आदि मुद्दों पर भी जानकारी मांगी है। इसके बाद कोर्ट ने याचिका को सुनवाई के लिए आठ अक्तूबर को प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है।