इलाहाबाद। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का स्थापना दिवस समारोह मंगलवार को धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर स्वयंसेवकों ने दंड एवं गणवेश के साथ अलग-अलग दो स्थानों से पथ संचलन निकाला। फुल पैंट धारण किए स्वयंसेवकों का पथ संचलन लोगों के आकर्षण का केंद्र रहा। इसके पहले जिले के कोने-कोने से आए स्वयंसेवकों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच शस्त्र पूजन अनुष्ठान किया। जार्जटाउन स्थित संघ कार्यालय से शुरू हुआ पथ संचलन प्रीति नर्सिंग होम, केपी इंटर कॉलेज, बैरहना, सीएमपी होकर वापस कार्यालय पहुंचकर समाप्त हुआ। दूसरी ओर प्रयाग दक्षिण जिले के स्वयंसेवकों का पथ संचलन धूमनगंज थाने से शुरू हुआ, जो एडीए कॉलोनी समेत अन्य मार्गों से होकर सुधा वाटिका पहुंचकर समाप्त हुआ।
जार्जटाउन कार्यालय में हुए समारोह में संघ के अखिल भारतीय सह सेवा प्रमुख अजीत महापात्रा ने विजयदशमी के दिन स्थापना के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए स्वयंसेवकों का आह्वान किया किया कि अब परिवर्तन का समय आ गया है, इसलिए सभी स्वयंसेवक कमर कसकर सामाजिक परिवर्तन के लिए आगे आएं।
सुधा वाटिका में हुए समारोह में सह क्षेत्र धर्म जागरण प्रमुख रामचंद्र पांडेय ने कहा कि आज कुछ विदेशी शक्तियां संघ को कमजोर करने का षड़यंत्र कर रही हैं। पूरा देश ऐसी शक्तियों की असलियत समझ गया है। कहा कि देश की युवा शक्ति को सही मार्ग पर लाने के लिए संघ कार्य को बढ़ाने की आवश्यकता है। समारोह की अध्यक्षता जिला संघ चालक व्यंकटेश कुमार एवं भूपेंद्र नाथ सिंह ने किया। इसमें विभाग प्रचारक मनोज, जिला प्रचारक सर्वेश एवं अनुराग, प्रचार प्रमुख डॉ.मुरारजी त्रिपाठी, आलोक मालवीय, डॉ.सत्यपाल तिवारी, संजीव, श्रीकृष्ण, संकर्षणजी महाराज, डॉ.नरेंद्र कुमार सिंह गौर, सुरेंद्र चौधरी, दीपक, अभिषेक, काली शंकर, मनीष, प्रभा शंकर पांडेय, वीके सिंह आदि उपस्थित थे।