नगर निगम चुनाव में समाजवादी पार्टी के मेयर प्रत्याशी विनोद चंद्र दुबे के समर्थन में बदायूं से सपा सांसद धर्मेंद्र यादव ने बृहस्पतिवार को शहर में कई जनसभाएं संबोधित कर जनता से समर्थन मांगा। मनमोहन पार्क पर आयोजित जनसभा में धर्मेंद्र ने निवर्तमान महापौर और भाजपा से मेयर प्रत्याशी अभिलाष गुप्ता पर जमकर निशाना साधा। कहा कि परिवर्तन की लहर है और ऐसे में लोग सपा के महापौर प्रत्याशी विनोद चंद्र दुबे के पक्ष में मतदान करें।
धर्मेंद्र ने कहा कि केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार जनता को बरगलाने का काम कर रही है। केंद्र सरकार की नीतियों के चलते व्यापार पूरी तरह से बर्बाद हो चुका है। उद्योगों में ताले बंद हो गए हैं, व्यापारी परेशान हैं। नौजवानों के सामने रोजी-रोटी का संकट है। धर्मेंद्र ने सपा सुप्रीमो एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव द्वारा शहर में कराए गए विकास कार्यों की याद दिलाई। बताया कि सपा सरकार के कार्यकाल में हाईटेक सिटी, राज्य विश्वविद्यालय, अभिताभ बच्चन स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में बैडमिंटन कोर्ट का नवनिर्माण, सिविल लाइंस का सुंदरीकरण, आजाद पार्क को विश्व स्तर पर विकसित किया गया।
उन्होंने सपा के महापौर प्रत्याशी विनोद चंद्र दुबे के संघर्षों की चर्चा करते हुए कहा कि छात्रों, अधिवक्ताओं, व्यापारियों सहित सभी वर्गों की लड़ाई में वह सबसे आगे रहते हैं। सपा प्रत्याशी के महापौर बनने पर लोगों को नगर निगम के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे बल्कि विनोद चंद्र दुबे स्वयं लोगों के बीच पहुंचेंगे। सपा सांसद ने सभी वार्डों के सभासद प्रत्याशियों को भी जीतने की अपील लोगों से की। अध्यक्षता पूर्व महानगर अध्यक्ष केके श्रीवास्तव ने किया, संचालन राजकुमार, बच्चा पासी ने किया। इस मौके पर सैयद इफ्तेखार हुसैन, महानगर महासचिव योगेश यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष कमल सिंह यादव, रवि यादव, अजय यादव, नईम बाबा, महंत लाल यादव, अन्नू यादव मौजूद रहे।
धमेंद्र यादव ने इविवि में छात्र जीवन के दौरान बिताए पल को याद करते हुए अपने पुराने संबंधों को ताजा किया। उनका लालगोपालगंज में सपा कार्यकर्ताओं द्वारा भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने लालगोपालगंज, फूलपुर, हंउिया, झूंसी में भी सभाएं कीं। साथ ही शहर में बाघाड़ा सहित कई स्थानों पर जनसभाओं को संबोधित किया। इस मौके पूर्व दर्जा प्राप्त मंत्री इंदू प्रकाश मिश्र, रामवृक्ष यादव, एमएलसी बासुदेव यादव, जिलाध्यक्ष कृष्णमूर्ति सिंह यादव, हेमंत टून्नू, रवि यादव, आरएन यादव, निर्मला यादव, नाटे चौधरी, निधि यादव, गोलू यादव, जनेश्वर बनकटा,दान बहादुर मधुर आदि मौजूद रहे।