‘लाकडाउन तीन’ में ऑरेंज जोन में शामिल प्रयागराज में कुछ और छूट मिलने की उम्मीदों को झटका लगा है। यहां कोविड-19 का एक और पॉजिटिव मरीज मिला है। इस तरह से एक सप्ताह के भीतर ही कोविड-19 के चार केस सामने आने के बाद संक्रमण का खतरा बढ़ गया है। इसे देखते हुए यहां अब बहुत राहत की उम्मीद नहीं है।
लाकडाउन दो की अवधि तीन मई को पूरी हो रही है। केंद्र और राज्य सरकार ने इसके बाद ऑरेंज और ग्रीन जोन में शामिल जिलों को बाजार और उद्योग के स्तर पर कुछ छूट देने की घोषणा की है। पिछले सप्ताह यहां कोरोना के तीन नए मरीज जरूर पाए गए हैं लेकिन उनके परिजनों तथा संपर्क में आने वाले अन्य लोगों की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। तीनों मरीजों की भी तबीयत ठीक है। अफसरों का यह भी कहना है कि प्रयागराज ऑरेंज जोन में है लेकिन इस सूची में शामिल अन्य जिलों की तुलना में यहां स्थिति बेहतर है।
ऐसे में यहां भी छूट मिलने की उम्मीद की जा रही थी लेकिन अब कोरोना का एक और पॉजिटिव मिलने के बाद यह उम्मीद धूमिल हो गई है। अफसरों का कहना है कि ग्रीन जोन में शामिल होने की शर्त है कि 14 दिनों में कोई भी नया पॉजिटिव मामला न आया हो। ऐसे में कोटवा स्थित विशेष आइसोलेशन सेंटर में भर्ती तीन मरीजों की रिपोर्ट नेगेटिव आने के बाद प्रयागराज को ग्रीन जोन में शामिल किए जाने की भी उम्मीद थी लेकिन इसे भी झटका लगा है।