शहर में शुक्रवार से शनिवार देर रात तक बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमराई रही। ट्रिपिंग, लो वोल्टेज, ट्रांसफार्मर में फॉल्ट, केबल में आग लगने, डीओ फ्यूज उड़ने और पेटी कटने जैसी तकनीकी समस्याओं से अधिकांश इलाकों में बार-बार बिजली गुल होती रही।
उमस भरी गर्मी में लगातार बिजली की आवाजाही से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कटरा, नेतराम चौराहा, मनमोहन पार्क सहित इलाकों में शाम करीब पांच बजे ट्रांसफार्मर जल जाने से देर रात तक बिजली गुल रही। स्थानीय निवासी किशन जायसवाल ने बताया कि इस दौरान पानी की किल्लत हो गई।
सोबतियाबाग, मटियारा, अल्लापुर, दारागंज, बक्सी बांध और अलोपीबाग में शनिवार दिनभर से देर रात तक हर आधे घंटे से एक घंटे के अंतराल पर बिजली आती-जाती रही। बैरहना, रामबाग, गऊघाट, कोठापार्चा, कीडगंज और गाजीगंज मंडी समेत कई इलाकों में शुक्रवार रात से शनिवार देर रात तक एक से दो घंटे के अंतराल पर कई बार बिजली आपूर्ति बाधित रही।
वहीं कल्याणी देवी, अतरसुइया, रानीमंडी, मीरापुर, दरियाबाद, अयोध्यापुरी और खुल्दाबाद में भी शुक्रवार से शनिवार देर रात तक आधे घंटे से डेढ़ घंटे तक कई बार कटौती हुई। लगातार ट्रिपिंग और कटौती के कारण पेयजल आपूर्ति प्रभावित हुई और उमस भरी गर्मी में लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी।