रूस और यूक्रेन के संतों के लिए तैयार किया जा रहा वुडेन कॉरिडोर और कॉटेज।
- फोटो : अमर उजाला।
हाल में ही ब्रह्मलीन हुए श्रीपंच दशनाम जूना अखाड़े के महायोगी महामंडलेश्वर स्वामी सोमनाथ गिरी उर्फ पायलट बाबा के शिविर में रूस और यूक्रेन के संतों के शाही वुडेन कॉटेज आमने-सामने लग रहे हैं। संगम लोवर पर सेक्टर-18 में पश्चिमी देशों के बीच हथियारों की होड़ और युद्ध पर अरबों रुपये डॉलर के धन प्रवाह के बीच विश्व के सबसे बड़े सांस्कृतिक समागम में रूस-यूक्रेन दोनों देशों के साधु-संन्यासियों के लिए एक ही हवन कुंड भी बनाया जा रहा है।
जापान की योगमाता के आचार्यत्व में करेंगे शांति का जतन
वहां जापान की योगमाता महामंडलेश्वर केको आईकावा उर्फ स्वामी कैला माता के आचार्यत्व में रूस-यूक्रेन के संन्यासी विश्व शांति के लिए जतन करेंगे। इसके लिए हवन कुंड और सत्संग भवन के पास ही दो मंजिला लकड़ी और शीशे से रूस-यूक्रेन गलियारा बनाया जा रहा है।
इसमें आधुनिक सुविधाओं से युक्त कुल डीलक्स कॉटेज लगाए जा रहे हैं। इसमें विश्व शांति के लिए महायज्ञ 25 से 30 जनवरी तक चलेगा। इसमें जापानी, अमेरिकन, कनाडाई संतों के साथ ही स्विट्जरलैंड, ऑस्ट्रेलिया और नेपाल के भी साधुओं के लिए शाही संत निवास बनाए जा रहे हैं। इन संत निवासों में सत्संग हाल के साथ ही लग्जरी बेड और शाही सुविधाएं मिलेंगी।
महाकुंभ में आने वाले रूस-यूक्रेन के 50 से अधिक संत श्री पंचदशनाम जूना अखाड़े से ही संन्यास दीक्षा लिए हुए हैं। इन संन्यासियों के लिए दो मंजिला सुविधाओं से युक्त वुडेन कॉटेज बनाया जा रहा है। इसमें एक ही गलियारे में आमने-सामने दोनों देशों के संतों का कॉटेज बन रहे हैं। - महातपस्वी खप्पर बाबा, श्री पंच दशनाम जूना अखाड़ा