उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने शुक्रवार को पीसीएस-2018 का अंतिम चयन परिणाम जारी कर दिया। मेरिट में शीर्ष तीन स्थानों पर बेटियों का कब्जा रहा। हुडा, पानीपत की अनुज नेहरा ने टॉप किया तो शांतिनगर, गुडग़ांव, हरियाणा की संगीता राघव दूसरे और तुलागढ़ी, राजगढ़ी मथुरा की ज्योति शर्मा को तीसरा स्थान प्राप्त हुआ।
मेरिट में चौथे स्थान पर अमिता, जालौन के विपिन कुमार शिवहरे और पांचवें स्थान पर निरखपुर, पालीगंज, पटना के कर्मवीर केशव रहे। यूपीपीएससी ने पहली बार पीसीएस परीक्षा, संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा की तर्ज पर कराई गई थी।
बदले पैटर्न का परीक्षा परिणाम पर भी असर देखने को मिला। पिछली कई परीक्षाओं में शीर्ष पांच स्थानों पर उत्तर प्रदेश के अभ्यर्थियों का ही कब्जा रहा, लेकिन इस बार यूपी के केवल दो अभ्यर्थी ही जगह बना सके। पीसीएस-2018 के तहत कुल 988 पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया गया था, लेकिन अंतिम रूप से 976 अभ्यर्थियों को ही सफल घोषित किया गया। योग्य अभ्यर्थी न मिलने के कारण 12 पद खाली रह गए।
कोर्ट के निर्णय के अधीन रहेगा परिणाम
आयोग के सचिव जगदीश के अनुसार पीसीएस-2018 का अंतिम चयन परिणाम उत्तर प्रदेश राज्य की ओर से उच्च न्यायालय में योजित विशेष अपील और उच्च न्यायालय में योजित रिट याचिका प्रशांत सिंह बनाम उत्तर प्रदेश राज्य व एक अन्य में पारित होने वाले अंतिम निर्णय के अधीन रहेगा।
जल्द जारी होंगे कटऑफ अंक
आयोग के सचिव के मुताबिक परीक्षा से संबंधित प्राप्तांक एवं पदवार कटऑफ अंक जल्द ही आयेाग की वेबसाइट पर जारी किए जाएंगे। इस संबंध में सूचना का अधिकार अधिनियम 2005 के तहत प्राप्त आवेदनपत्र स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
68 अभ्यर्थियों ने छोड़ दिया साक्षात्कार
पीसीएस मुख्य परीक्षा का परिणाम 23 जून 2020 को जारी किया गया था। इसमें 2669 अभ्यर्थियों को इंटरव्यू में शामिल होने के लिए सफल घोषित किया गया था, लेकिन इनमें से 68 अभ्यर्थियों ने साक्षात्कार छोड़ दिया था। इंटरव्यू 15 जुलाई से 25 अगस्त तक आयोजित किया गया। माना जा रहा है कि आखिरी पड़ाव पर पहुंचने के बाद इतनी बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने कोविड-19 के कारण इंटरव्यू छोड़ दिया। हालांकि आयोग ने कोविड-19 के मद्देनजर कई अभ्यर्थियों की ओर भेजे गए आवेदनों को ध्यान में रखते हुए उनकी इंटरव्यू तिथि में परिवर्तन किया था।
कई वर्षों बाद इतने व्यापक पैमाने पर हुई भर्ती
पीसीएस-2018 के तहत कई वर्षों बाद इतने व्यापक पैमाने पर भर्ती हुई है। 988 पदों भर्ती के लिए छह लाख 35 हजार 844 अभ्यर्थियों ने आवेदन किए थे और 398630 अभ्यर्थी प्रारंभिक परीक्षा में शामिल हुए थे। इनमें 19096 अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा में शामिल होने के लिए सफल घोषित किया गया था।
इन बदलावों के साथ हुई पीसीएस-2018 की परीक्षा
मुख्य परीक्षा में सामान्य अध्ययन के पहले दो पेपर होते थे और ऑब्जेक्टिव सवाल पूछे जाते थे, लेकिन बदलाव के बाद सामान्य अध्ययन के चार पेपर कर दिए गए और सब्जेक्टिव सवाल पूछे जाने लगे। इसके अलावा मुख्य परीक्षा में पहले दो वैकल्पिक विषय होते थे, लेकिन पीसीएस-2018 से एक वैकल्पिक विषय कर दिया गया। साथ ही इंटरव्यू 100 अंकों का कर दिया गया, जबकि पहले 200 अंकों को इंटरव्यू होता था।