प्रयागराज। पीसीएस-2020 की प्रारंभिक परीक्षा 11 अक्तूबर (रविवार) को प्रदेश के 19 जनपदों में आयोजित की जाएगी। परीक्षा के लिए पांच लाख 95 हजार 696 अभ्यर्थियों ने आवेदन किए हैं। परीक्षा दो पालियों सुबह 9.30 से 11.30 बजे और अपराह्न 2.30 से 4.30 बजे तक होगी। पहली पाली में सामान्य अध्ययन और दूसरी पाली में सीसैट का पेपर होगा।
पिछली परीक्षाओं की तरह इसमें भी माइनस मार्किंग लागू रहेगी। परीक्षा के लिए प्रयागराज समेत आगरा, आजमगढ़, बरेली, गोरखपुर, अयोध्या, गाजियाबाद, जौनपुर, झांसी, कानपुर नगर, लखनऊ, बाराबंकी, मेरठ, मुरादाबाद, मिर्जापुर, रायरबेली, सीतापुर, वाराणसी एवं मथुरा 1282 केंद्र बनाए गए हैं। कोविड-19 के मद्देनजर परीक्षा में शामिल होने वाले सभी अभ्यर्थियों को मास्क पहनकर और अपने साथ पानी की बोतल लेकर आना होगा।
परीक्षा पर निगरानी के लिए प्रशासनिक स्तर से भी पुख्ता इंतजार किए गए हैं। परीक्षा 200 पदों पर भर्ती के लिए आयोजित की जा रही है। हालांकि पदों की यह अंतिम संख्या नहीं है। प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम घोषित होने तक अगर नए पदों का अधिचायन उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग को मिलता है तो पदों की संख्या बढ़ा दी जाएगी।