चौतरफा दबाव के बाद उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने पीसीएस प्री-2015 की रविवार को हुई पहली पाली की परीक्षा निरस्त कर दी। अब यह परीक्षा 10 मई को दोबारा होगी। सोमवार को हुई आयोग की बैठक में इस आशय का निर्णय लिया गया। अभ्यर्थी दूसरी पाली की परीक्षा निरस्त करने की भी मांग कर रहे हैं, लेकिन आयोग ने यह मांग ठुकरा दी है। वहीं लखनऊ के जिस केंद्र से पेपर लीक होने की बात सामने आई है, आयोग ने उसे डिबार कर दिया है। समीक्षा अधिकारी-सहायक समीक्षा अधिकारी की परीक्षा अप्रैल के आखिरी सप्ताह में है। इसके बाद 10 मई की परीक्षा के लिए अभ्यर्थियाें का प्रवेश आयोग की वेबसाइट पर जारी कर दिया जाएगा। इसकी सूचना अभ्यर्थियों को बाद में दी जाएगी।
रविवार को पहली पाली में सुबह 9.30 बजे से सामान्य अध्ययन का पेपर था लेकिन इससे डेढ़ घंटे पहले तकरीबन आठ बजे ही पेपर सोशल मीडिया पर आ गया। इसके आधे घंटे बाद यह पेपर डीजीपी के पास भी पहुंच गया। इसके सभी 100 सवाल परीक्षा में पूछे गए पेपर में शामिल थे। गौर करने वाली बात यह है कि डीजीपी की ओर से पेपर लीक होने की बात स्वीकार करने तथा परीक्षा निरस्त करने की संस्तुति के बावजूद आयोग के अफसर किसी तरह की गड़बड़ी से इंकार करते रहे। सचिव की ओर से लगातार यही कहा जाता रहा कि पेपर आउट होना तो दूर, परीक्षा में किसी तरह की गड़बड़ी नहीं हुई है।
उन्होंने परीक्षा निरस्त करने तथा किसी जांच से भी इंकार कर दिया था। हालांकि मुख्यमंत्री के हस्तक्षेप तथा चौतरफा दबाव के बाद आयोग के अफसरों को पीछे हटना पड़ा। आयोग की ओर से सदस्य डॉ.राजेंद्र कुमार, डॉ.सुनील कुमार जैन और गुरुदर्शन सिंह की तीन सदस्यीय जांच कमेटी घटित की गई। कमेटी की आख्या और परीक्षा समिति के प्रस्ताव पर परीक्षा निरस्त करने का निर्णय लिया गया। सचिव रिजवानुर्रहमान ने बताया कि लखनऊ के एक केंद्र से पेपर आउट होने की बात सामने आई है। इसके बाद आयोग की सोमवार को हुई बैठक में पहली पाली की परीक्षा निरस्त करने का निर्णय लिया गया। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। दूसरी पाली की परीक्षा में किसी तरह की गड़बड़ी सामने नहीं आई है। इसके अलावा पहली और दूसरी पाली की परीक्षा की उपस्थिति में बहुत अंतर नहीं है। इसलिए दूसरी पाली की परीक्षा निरस्त नहीं की गई। परीक्षा नियंत्रक ने बताया कि परीक्षा केंद्रों का नए सिरे से निर्धारण किया जाएगा। इसके लिए नया प्रवेश पत्र जारी किया जाएगा।
आयोग ने पीसीएस-2015 मुख्य परीक्षा की तिथि भी घोषित कर दी थी। परीक्षा 17 जून से प्रस्तावित थी लेकिन प्रारंभिक परीक्षा स्थगित होने की वजह से मुख्य परीक्षा भी पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार नहीं हो पाएगी। प्रारंभिक परीक्षा के बाद डेढ़ से दो महीने रिजल्ट घोषित करने में लग जाएंगे। ऐसे में जून के आखिरी सप्ताह या जुलाई में प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम घोषित हो पाएगा। इसके बाद आवेदन, विषय के चुनाव तथा भरे हुए फार्म की हार्ड कॉपी आयोग को भेजने के लिए कम से कम 28 दिन अभ्यर्थियों को देने होंगे। ऐसे में मुख्य परीक्षा की तिथि भी आगे बढ़ानी पड़ेगी। हालांकि आयोग के अफसरों का कहना है कि इसके बावजूद इसी साल भर्ती प्रक्रिया पूरी कर सत्र नियमित कर लिया जाएगा।