अध्यक्ष को बर्खास्त करने समेत विभिन्न मांग को लेकर उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग दफ्तर पर धरना-प्रदर्शन के लिए जा रहे छात्रों को पुलिस ने रास्ते में ही गिरफ्तार कर लिया। जुलूस बनाकर छात्र एएन हॉस्टल से मेयोहाल चौराहा पहुंचे थे कि उन्हें हिरासत में ले लिया गया। इस दौरान उनकी पुलिस से झड़प भी हुई। गिरफ्तार होने वालों में 34 छात्र शामिल रहे लेकिन शाम को उन्हें छोड़ दिया गया। इससे नाराज छात्रों ने प्रदेश सरकार तथा आयोग अध्यक्ष का पुतला दहन किया।
पीसीएस-2015 प्रारंभिक परीक्षा के दोनों पेपर निरस्त करने, आयोग अध्यक्ष को हटाने तथा पेपर आउट होने और भर्तियों की सीबीआई जांच की मांग को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की ओर से बृहस्पतिवार को आयोग दफ्तर पर धरना-प्रदर्शन और क्रमिक अनशन की घोषणा की गई थी। इसी के मद्देनजर छात्र एएन झा हॉस्टल से आयोग के लिए जुलूस बनाकर निकले लेकिन मेयोहाल पर पुलिस उन्हें रोक लिया।
इस पर पुुलिस और छात्राें के बीच झड़प शुरू हो गई, जिसके बाद सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। इससे कार्यकर्ताओं का गुस्सा भड़क और एएन झा हॉस्टल पर उनका फिर जमावड़ा हुआ। वहां उन्होंने सरकार और आयोग अध्यक्ष का पुतला दहन भी किया। आयोग मार्च तथा पुतला दहन करने वालों में प्रदेश मंत्री देवेंद्र सिंह, विभाग संयोजक दिलीप शुक्ल, अविनाश दुबे, रिंकू पयासी, शिवकुमार, सचिन पांडेय आदि शामिल रहे।