उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग अध्यक्ष के खिलाफ छात्रों और प्रतियोगियों में बुधवार को जबरदस्त आक्रोश दिखाई दिया। आयोग दफ्तर जाने से रोकने तथा पुलिस की सख्ती से नाराज छात्रों-प्रतियोगियों का जगह-जगह जमावड़ा हुआ। जमकर तोड़फोड़ भी की गई। आक्रोशित छात्रों ने बैंक रोड पर सिटी बस को आग के हवाले कर दिया तो प्रयाग स्टेशन के यार्ड में खड़ी खाली ट्रेेन में भी आग लगा दी। हालांकि स्टेशन पर तैनात सुरक्षाकर्मियों ने फौरन आग बुझा दी। जगह-जगह पीएससी और पुलिस की गाड़ियों पर भी पथराव कर तोड़फोड़ की गई। प्रतियोगियों को खदेड़ने के लिए हिन्दू हॉस्टल समेत कई जगहों पर पुलिस ने कई राउंड फायरिंग और लाठीचार्ज किया। पुलिस ने इलाहाबाद विश्वविद्यालय परिसर तथा हॉस्टलों में घुसकर छात्रों की पिटाई की। लाठीचार्ज और भगदड़ में तमाम छात्रों को गंभीर चोट पहुंची तो पत्थरबाजी में पुलिसवाले भी जख्मी हुए। इतनी सख्ती के बावजूद कई प्रतियोगी आयोग दफ्तर पहुंच गए जहां उन्हें लाठीचार्ज का शिकार होना पड़ा। कई छात्रों को गिरफ्तार भी किया गया।
पीसीएस-2015 प्रारंभिक परीक्षा के दोनों पेपर निरस्त करने, लोकसेवा आयोग अध्यक्ष डॉ.अनिल यादव को हटाने, उनके कार्यकाल के दौरान आयोजित भर्तियों और पेपर आउट की सीबीआई जांच की मांग को लेकर प्रतियोगियों और छात्रों ने बुधवार को आयोग दफ्तर पर जुटने की घोषणा की थी। इस वजह से आयोग दफ्तर में पुलिस-पीएसी और आरएएफ की तैनाती कर दी गई थी। आयोग की तरफ जाने वाली हर सड़क पर बैरिकेडिंग कर ट्रैफिक रोक दिया गया। ऐसे में छात्र और प्रतियोगी आयोग दफ्तर से काफी दूर रह गए जिससे उनका गुस्सा और भड़क गया। हिन्दू हॉस्टल के सामने जीटी रोड पर जमा प्रतियोगियों की पुलिसकर्मियों से झड़प हो गई। कई युवकों ने पत्थरबाजी कर दी जिसके बाद पुलिस ने उन्हेें दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। पुलिस ने भीड को तितर-बितर करने के लिए रबर बुलेट से कई राउंड फायरिंग भी की। इसी दौरान प्रतियोगियों ने हॉस्टल के पास खड़ी पीएससी की गाड़ी में जमकर तोड़फोड़ कर दी। पुलिस से बचने के लिए वे हिन्दू हॉस्टल, विश्वविद्यालय के विज्ञान संकाय परिसर में घुसे मगर पुलिस ने वहां भी घुसकर उनकी पिटाई की। यह खबर फैली तो दूसरे हॉस्टल के छात्र भी बाहर निकलकर हंगामा करने लगे। हालैंड हाल के सामने छात्रों ने सिटी बस में तोड़फोड़ की। इसके बाद केपीयूसी हॉस्टल तथा विश्वविद्यालय के लाइब्रेरी गेट के सामने भी बसों में तोड़फोड़ की।
कई छात्रों ने बैंक रोड पर एक सिटी बस में आग लगा दी। बस पूरी तरह जल गई। इस दौरान पूरी पुलिस फोर्स लोकसेवा आयोग और हिन्दू हॉस्टल पर मौजूद रही जिससे छात्रों और प्रतियोगियों को आगजनी का पूरा मौका मिला। पुलिस फोर्स के पहुंचने तक में उपद्रवी भाग गए थे। इसके बाद पुलिस ने हॉस्टलों और विश्वविद्यालय परिसर में घुसकर छात्रों पर गुस्सा उतारा। इसी बीच छात्रों की भीड ने प्रयाग स्टेशन पर जाकर यार्ड में खड़ी प्रयाग-ऊंचाहार-कानपुर पैसेंजर ट्रेन की एक बोगी में आग लगा दी। गनीमत यह रही कि सुरक्षाकर्मी फौरन वहां पहुंच गए। उन्हाेंने आनन-फानन में आग पर काबू पा लिया मगर दो सीटें जल चुकी थीं। उधर, प्रयाग के स्टेशन मैनेजर जेपी मणि त्रिपाठी का कहना है कि आग शार्ट सर्किट से लगी या किसी ने लगाई, इसकी जांच के लिए बृहस्पतिवार को लखनऊ डिवीजन से अफसरों की टीम पहुंच रही है। इसके बाद ही स्थिति साफ होगी। प्रभावित कोच को ट्रेन से काटकर प्रयाग स्टेशन पर ही खड़ा करा दिया गया है। शहर के दूसरे हिस्सों में भी हंगामा हुआ जिसमें आम लोग भी परेशान हुए।