प्रयागराज। पीसीएस जे परीक्षा-2022 में इंटरव्यू तक पहुंचने के बाद अंतिम चयन से वंचित रह गए मेधावी अभ्यर्थियों की लिस्ट उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) जल्द ही जारी करने जा रहा है। इन मेधावियों के लिए लॉ फर्मों एवं अन्य संस्थानों में नौकरी के रास्ते खुलेंगे।
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने 30 अगस्त 2023 को पीसीएस जे परीक्षा-2022 का अंतिम चयन परिणाम जारी किया था। पीसीएस-जे के 303 पदों पर भर्ती के लिए इंटरव्यू में 959 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। आयोग ने 302 पदों अभ्यर्थियों को चयनित घोषित किया था। ऐसे में 657 अभ्यर्थी अंतिम रूप से चयनित नहीं हो सके। आयोग का मानना है कि इंटरव्यू तक पहुंचने वाले सभी अभ्यर्थी मेधावी हैं, क्योंकि इसके लिए उन्होंने दो चरणों की परीक्षा उत्तीर्ण की।
लॉ फर्में ऐसे मेधावी अभ्यर्थियों को खोजती हैं, जबकि आयोग के पास उनका पूरा डाटा है। जो अभ्यर्थी चयनित नहीं हो सके और वे किसी लॉ फर्म या विधि से जुड़े किसी अन्य क्षेत्र में जाकर अपना भविष्य संवारना चाहते हैं तो उनके लिए आयोग की ओर से प्लेटफॉर्म तैयार किया जा रहा है। सूत्रों का कहना है कि कुछ लॉ फर्मों ने आयोग से संपर्क भी किया है।
आयोग ने उन अभ्यर्थियों से सहमति मांगी है जो विधि से जुड़े अन्य क्षेत्रों में जाने के इच्छुक हैं। इसके लिए आयोग ने 20 नवंबर तक ईमेल पर अभ्यर्थियों से सहमति मांगी थी। यह मियाद बीत चुकी है। आयोग को कई अभ्यर्थियों की सहमति भी मिली है। सूत्रों का कहना है कि आयोग की ओर से जल्द ही उन अभ्यर्थियों की लिस्ट जारी कर दी जाएगी, जिन्होंने इसके लिए अपनी सहमति दे दी है।