इंटरनेट सेवाएं ठप होने के कारण मुसीबत में प्रतियोगी छात्र
अभ्यर्थियों को दूसरे जिलों में जाकर करना पड़ रहा आवेदन
प्रयागराज। इंटरनेट सेवाएं ठप होने से प्रतियोगी परीक्षाओं के अभ्यर्थियों को बड़ी मुसीबत का सामना करना पड़ रहा है। पीसीएस-2019 की की उत्तर कुंजी पर अभ्यर्थी अपनी आपत्ति दर्ज नहीं करा सके। वहीं, प्रवक्ता राजकीय डिग्री कॉलेज स्क्रीनिंग परीक्षा-2019 की उत्तर कुंजी पर भी अभ्यर्थी अपनी आपत्ति दर्ज नहीं करा पा रहे। इसके अलावा खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ)-2019 और कंबाइंड हायर सेकेंडरी लेवल परीक्षा-2019 की ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया भी फंस गई है। इंटरनेट की तलाश में अभ्यर्थियों को आसपास के जिलों में भटकना पड़ रहा है।
पीसीएस 2019
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयेाग (यूपीपीएससी) ने 17 दिसंबर को पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा-2019 की उत्तरकुंजी जारी की थी। अभ्यर्थियों को ईमेल के माध्यम से उत्तर कुंजी पर ऑनलाइन आपत्ति भेजनी थी। आपत्ति भेजने की अंतिम तिथि 22 दिसंबर निर्धारित की गई थी। प्रयागराज में 20, 21 एवं 22 दिसंबर को इंटरनेट सेवाएं पूरी तरह से ठप कर दी गईं। आपत्तियां केवल ऑनलाइन भेजी जानी थी। आयोग ने परीक्षा के के तीसरे दिन ही उत्तर कुंजी जारी कर दी थी। ऐसे में अभ्यर्थी उत्तर कुंजी के लिए मानसिक रूप से तैयार नहीं थे। अभ्यर्थियों को सवाल छांटने और उन्हें गलत साबित करने के लिए साक्ष्य जुटाने में ही दो दिन बीत गए।दो दिन बाद आपत्ति ईमेल के माध्यम से आपत्तियां भेजने की तैयारी की तो प्रयागराज में इंटरनेट सेवाएं ठप कर दी गईं।
प्रवक्ता स्क्रीनिंग परीक्षा 2019
इसी तरह आयोग ने शनिवार को प्रवक्ता राजकीय डिग्री कॉलेज स्क्रीनिंग परीक्षा-2019 की उत्तर कुंजी जारी की है। इस पर भी केवल ऑनलाइन आपत्ति दर्ज कराई जानी है और इसके लिए 26 दिसंबर अंतिम तिथि निर्धारित की गई है। इंटरनेट सेवाएं ठप होने से अभ्यर्थी शुरुआती दो दिनों में आपत्ति नहीं भेज सके हैं।
सीएचएसएल 2019
इसके अलावा कर्मचारी चयन आयोग की कंबाइंड हायर सेकेंडरी लेवल (सीएचएसएल) परीक्षा-2019 की ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया चल रही है। आवेदन की अंतिम तिथि 14 जनवरी निर्धारित की गई है। प्रयागराज के अभ्यर्थी तीन दिन से आवेदन नहीं कर पा रहे हैं।
बीईओ 2019
वहीं, खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) के 309 पदों पर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 13 दिसंबर से शुरू हुई है। आवेदन की अंतिम तिथि 13 जनवरी और ऑनलाइन परीक्षा शुल्क बैंक में जमा करने की अंतिम तिथि 10 जनवरी निर्धारित की गई है। इंटरनेट सेवाएं बंद होने के कारण इस परीक्षा के अभ्यर्थी भी ऑनलाइन आवेदन नहीं कर पा रहे हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 13 जनवरी है। कई अभ्यर्थियों को प्रयागराज के आसपास के उन जिलों में ऑनलाइन अवेदन करने के लिए जाना पड़ रहा है, जहां इंटरनेट चल रहा है।
लिखित आपत्तियां लेकर आयोग पहुंचे अभ्यर्थी
पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा-2019 की उत्तरकुंजी पर ऑनलाइन आपत्ति भेजने के लिए रविवार को अंतिम अवसर था। बड़ी संख्या में अभ्यर्थी आपत्तियां भेजने से वंचित रह गए। रविवार को तमाम अभ्यर्थी लिखित आपत्तियां लेकर उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग के कार्यालय पहुंचे लेकिन साप्ताहिक अवकाश के कारण वहां ताला लटक रहा था। अभ्यर्थियों को खाली हाथ लौटना पड़ा। सोमवार को अभ्यर्थी फिर से आयोग जाएंगे। प्रतियोगी छात्र संघर्ष समिति के मीडिया प्रभारी अवनीश पांडेय ने मांग की है कि आपत्तियां दर्ज कराने की अंतिम तिथि के साथ बीईओ भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि भी बढ़ाई जाए।