अमृतसर से हावड़ा जा रही पंजाब मेल में सोमवार को ट्रेन की सीट पर बैठने के विवाद को लेकर कुछ लोगों ने एक यात्री पर चाकू और पत्थर से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने वाले यात्रियों को भी हमलावरों ने धमकाया।
पश्चिम बंगाल के रहने वाले सत्यजीत घोष पंजाब के वर्धमान से हावड़ा जाने के लिए गाड़ी 13006 पंजाब मेल पर सवार हुए। सत्यजीत के अनुसार लखनऊ में उसके कोच में कुछ युवक सवार हुए। स्लीपर कोच में उसकी आरक्षित सीट पर युवक जबरन बैठने लगे। उसने सभी को बैठने से मना कर दिया। जिसे लेकर उनके बीच विवाद हुआ।
गौरीगंज स्टेशन पर ट्रेन के रुकते ही करीब दर्जन भर युवक डंडे, चाकू व पत्थर लेकर कोच में आ घुसे। सीट को लेकर विवाद करने वाले लोगों के इशारे के बाद उन लोगों ने उस पर हमला बोल दिया। हमलावरों ने चाकू से प्रहार किया। दूसरे यात्रियों के विरोध पर हमलावर उनसे भी भिड़ गए। ट्रेन छूटने पर हमलावर उतरकर भाग निकले। घटना की शिकायत यात्रियों ने रेलवे के अधिकारियों से की। इधर मां बेल्हा देवी प्रतापगढ़ जंक्शन ट्रेन पहुंचने पर आरपीएफ व जीआरपी ने उसका बयान लिया।
रेलवे अस्पताल के स्वास्थ्य कर्मियों ने उसका प्राथमिक उपचार किया। करीब 15 मिनट तक ट्रेन जंक्शन पर रुकी रही। इसके बाद ट्रेन को रवाना किया गया। जीआरपी थानाध्यक्ष सुमित तिवारी ने बताया कि यात्री ने तहरीर नहीं दी। आरोपियों की तलाश की जा रही है। स्टेशन अधीक्षक जेपी शुक्ला ने बताया कि यात्री से मारपीट के मामले में कंट्रोल की सूचना पर उसके इलाज का बंदोबस्त करते हुए आरपीएफ व जीआरपी को सूचना दी गई।