नहर में घड़ियाल दिखने से रामपुर-सेमरहा गांव में दहशत
क्षेत्र के रामपुर से सेमरहा गांव के बीच स्थित नहर में घड़ियाल दिखाई देने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि नहर के अंदर ही नहीं, बल्कि नहर के किनारे और बाहर भी घड़ियाल दिखाई दे रहे हैं।
ग्रामीण प्रदीप कुमार मिश्रा ने बताया कि नहर में करीब छह फीट लंबा एक घड़ियाल और ढाई से तीन फीट लंबा एक अन्य घड़ियाल दिखाई दिया। कुछ महीने पहले नहर के किनारे कई बड़े-बड़े अंडे भी दिखाई दिए थे, अब वह अंडे वहां नहीं हैं। ग्रामीणों को आशंका है कि अंडों से घड़ियाल के कई छोटे बच्चे निकल चुके होंगे और आसपास के क्षेत्र में छिपे हो सकते हैं। ग्रामीणों ने मामले की जानकारी वन विभाग के अधिकारियों को दी। डीएफओ प्रयागराज अरविंद कुमार से संपर्क करने पर उन्होंने कुछ अधिकारियों को मौके पर भेजकर घड़ियाल को पकड़वाने की बात कही थी। हालांकि ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना के बाद भी मौके पर कोई अधिकारी नहीं पहुंचा। इससे लोगों में नाराजगी है। ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि नहर और उसके आसपास तत्काल टीम भेजकर घड़ियालों की तलाश कराई जाए और उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया जाए, ताकि किसी ग्रामीणों या बच्चों के साथ कोई अप्रिय घटना न हो।