पाकिस्तान के पहनावे और वहां के खानपान को करीब देखना और समझना चाहते हैं तो टूरिस्ट बंगलों पहुंचे। 13 मई से वहां चार दिवसीय ‘इंडो-पाक लाइफ स्टाइल प्रदर्शनी एवं फूड फेस्टिवल’ की शुरुआत होने जा रही है। इसमें पाकिस्तानी शामी कबाब होगा और साड़ी, सलवार सूट और सजावटी आइटम भी दिखेंगे। 16 मई तक चलने वाली इस प्रदर्शनी का उद्घाटन शुक्रवार दोपहर 12.45 बजे न्यायमूर्ति अरुण टंडन करेंगे। आयोजन दि प्लानर्स, उत्तर प्रदेश पर्यटन और पीएचडी चैम्बर्स के संयुक्त तत्वावधान में होगा।
दि प्लानर्स के सनी मालिक और पाकिस्तान से आईं सर्वोधा चैम्बर्स ऑफ कॉमर्स की सपना कविता ओबरॉय ने बृहस्पतिवार को कलक्ट्रेट के संगम सभागार में संवाददाताओं को बताया कि यह आयोजन सांस्कृतिक आदान-प्रदान के तहत हो रहा है। इसके लिए पाकिस्तान से 40 सदस्यीय टीम आई है। आयोजन स्थल पर कुल 40 स्टॉल लगाए जाएंगे, जिनमें से 27 स्टॉल पाकिस्तानी टीम के होंगे।
स्टॉल पर सिंधी बिरयानी, मटन कोरमा, बोटी कबाब, शामी कबाब, मटन, चिकन समेत कई स्वादिष्ट व्यंजन उपलब्ध होंगे। इसके अलावा पाकिस्तारी गोटा पट्टी, साड़ी, सलवार सूट, सजावटी आइटम, आर्टिफिशियल ज्वेलरी, के स्टॉल भी होंगे। लखनऊ से भी नॉनवेज व्यंजनों के कई स्टाल होंगे। साथ ही हैदाबाद, दिल्ली, इंदौर के बने फर्नीचर्स के स्टॉल लगाए जाएंगे। प्रदर्शनी में प्रवेश के लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा।