करनाईपुर। बहरिया थाना क्षेत्र के सारी पट्टी नहर में शनिवार को एक बड़ा हादसा होने से टल गया। जब लकड़ी से ओवरलोड एक डीसीएम अनियंत्रित होकर नहर की पुलिया की दीवार तोड़ते हुए सीधे नहर में जा गिरा। हादसे में ट्रक चालक अखिलेश कुमार और खलासी को लोगों ने बाहर निकाला।
डीसीएम बहरिया से लकड़ी लादकर लखीमपुर की ओर जा रहा था। जैसे ही वाहन सारी पट्टी नहर की पुलिया पर पहुंचा, तेज रफ्तार और ओवरलोडिंग के कारण चालक का नियंत्रण खो गया। इससे डीसीएम पुलिया की दीवार तोड़कर नहर में पलट गई।
घटना के बाद ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े और चालक व खलासी को ट्रक से बाहर निकाला। ग्रामीणों के अनुसार, यह स्थान पहले भी कई हादसों का गवाह रह चुका है। उन्होंने प्रशासन से अपील की है कि इस पुलिया की मरम्मत कर इसे सुरक्षित बनाया जाए, साथ ही ओवरलोडिंग पर भी सख्ती से रोक लगाई जाए।