इलाहाबाद। बिजली विभाग में एक ही जगह वर्षों से जमे अभियंताओं और कर्मचारियों को 31 जुलाई तक हटाने का फरमान जारी हो गया है। पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के प्रबंध निदेशक एके सिंह ने सभी मुख्य अभियंताओं को यह निर्देश दिया है।
दूसरी ओर प्रबंध निदेशक ने अधीक्षण अभियंताओं को निर्देशित किया कि जिन खंडों में 35 से 60 प्रतिशत तक ही बिलिंग हो पाई है, उनसे संबंधित बिलिंग एजेंसियों सीआई, स्ट्रलिंग और एन साफ्ट के खिलाफ नोटिस जारी करने के साथ ही मुकदमा दर्ज कराने की कार्रवाई की जाए। प्रबंध निदेशक की ओर से स्थानांतरण को लेकर जारी आदेश के बाद अधीक्षण अभियंता उन अभियंताओं, कर्मचारी की सूची बनाने में भी जुट गए हैं जो पिछले कई वर्षों से एक ही जगह जमे हैं। उल्लेखनीय है कि विभाग में ऐसे अभियंताओं, कर्मचारियों की संख्या सैकड़ों में हैं। कर्मचारियों को स्थानांतरित करने को लेकर आला अधिकारियों की ओर से कई बार आदेश जारी किए गए लेकिन आखिरकार इन अभियंताओं, कर्मचारियों का स्थानांतरण नही हो पाया है।