पातालपुरी के महंत रवींद्र नाथ योगेश्वर योगी, मुकेश गोस्वामी, हेमेंद्र नाथ योगेश्वर, कवि नाथ योगेश्वर, शिव ओम योगेश्वर समेत कई पुजारी घंटों किला द्वार पर खड़ा रहने के बाद लौट गए। अपर मेलाधिकारी व अक्षयवट प्रभारी दिलीप कुमार त्रिगुणायत ने बताया कि एमएनआईटी की रिपोर्ट के आधार पर मेला प्रशासन ने मुख्य स्नान पर्वों पर एक दिन पहले और एक दिन बाद तक मूल अक्षयवट को बंद रखने का फैसला किया है। किले की प्राचीन दीवार की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ऐसा किया गया है।
अकबर के किले में स्थित पातालपुरी मंदिर के महंत रवींद्र नाथ योगेश्वर योगी ने किले में पुजारियों का प्रवेश रोके जाने पर एतराज जताया है। उन्होंने इसकी शिकायत कुंभ मेलाधिकारी विजय किरन आनंद से की। महंत का कहना था कि अगर मुख्य स्नान पर्व पर ही मूल अक्षयवट को नहीं खोला जाएगा, तो फिर देश-दुनिया के करोड़ों श्रद्धालु इस तीर्थ के दर्शन से वंचित रह जाएंगे। उन्होंने तीन दिन के लिए दर्शन बंद रखने के प्रशासन के फैसले को अनुचित बताया।