असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती परीक्षा अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र जारी करने का आदेश
प्रयागराज। इलाहाबाद हाईकोर्ट ने उत्तर प्रदेश उच्चतर शिक्षा सेवा आयोग द्वारा रविवार को आयोजित असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती परीक्षा के नौ अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र जारी करने का अंतरिम आदेश पारित किया है। इसके साथ ही मामले में चार हफ्ते में जवाबी हलफनामा दाखिल करने को कहा है। अभ्यर्थियों ने असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती परीक्षा में शामिल होने के लिए आयोग की ओर से प्रवेश पत्र जारी न करने पर यह याचिका दाखिल की थी।
याचियों का कहना था उच्चतर शिक्षा सेवा आयोग असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती परीक्षा करा रहा है लेकिन अभी तक उसने याची अभ्यर्थियों का प्रवेश पत्र जारी नहीं किया है। बिना प्रवेश पत्र के वह परीक्षा में शामिल नहीं हो सकेंगे। इस पर उच्चतर शिक्षा सेवा आयोग के अधिवक्ता ने जवाब दिया कि याचिकाकर्ताओं में से दो के प्रवेश पत्र पहले ही जारी कर दिए गए हैं। कोर्ट ने बाकी अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र जारी न होने का कारण पूछा? आयोग के अधिवक्ता ने इसके लिए समय मांगा है। इस पर कोर्ट ने अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र जारी करने और उन्हें भर्ती परीक्षा में शामिल होने का अंतरिम आदेश पारित किया।