सूबे के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने शनिवार को 2019 में होने वाले लोकसभा चुनाव के मद्देनजर विपक्ष के महागठबंधन पर जमकर निशाना साधा। कहा कि विपक्ष बिना दूल्हे की बारात है। इसका अंजाम सभी जानते हैं। अगले वर्ष लोकसभा चुनाव में भाजपा 73 पार और देश में 300 से अधिक सीटें जीत कर एक बार फिर से सरकार बनाएगी। डिप्टी सीएम ने यह बातें परेड ग्राउंड में भाजपा की ओर से आयोजित कमल संदेश बाइक यात्रा के शुभारंभ के मौके पर कहीं।
विज्ञापन
केशव ने कहा, इस बाइक रैली से लोकसभा चुनाव का शंखनाद हो गया है। भाजपा कार्यकर्ता नरेंद्र मोदी को दोबारा प्रधानमंत्री बनाने के लक्ष्य में जुट जाएं। डिप्टी सीएम ने कहा कि सभी देवताओं का वास प्रयागराज में कुंभ के दरम्यान होता है। देवताओं के आशीर्वाद और कार्यकर्ताओं की मेहनत से भाजपा को एक बार फिर से विजय मिलेगी। कहा कि देश एवं प्रदेश में बेदाग सरकार से विपक्षी पार्टियों में बौखलाहट है। इस वजह से कांग्रेस समेत तमाम दल अनर्गल प्रलाप करके जनता को भ्रमित करने की कोशिश कर रहे हैं। देश की जनता भाजपा पर भरोसा करती है और पार्टी उस भरोसे पर खरा उतरने के लिए कृत संकल्पित है।
केशव ने यहां नारा दिया कि ‘अबकी बार यूपी में 73 पार’। डिप्टी सीएम ने हर्षवर्धन चौराहे से अलोपीबाग तक खुद ही बुलेट चलाई। उनके पीछे विधायक हर्षवर्धन बाजपेयी भी बैठ गए। अलोपीबाग से विधायक संजय गुप्ता ने बुलेट संभाल ली। उनके पीछे फिर केशव मौर्य बैठ गए। इस दौरान विक्रमादित्य मौर्य, प्रवीण पटेल, डा. एलएस ओझा, शशि वार्ष्णेय, सुबोध सिंह, दीपक पटेल, अरुण अग्रवाल, गुरु प्रसाद मौर्य, नगर अध्यक्ष अवधेश चंद्र गुप्ता, कन्हैया लाल पांडेय, विनय मिश्र सिंटू, देवेंद्र नाथ मिश्र, आशीष गुप्ता, रतन दीक्षित, मृत्युंजय तिवारी, विक्रमाजीत सिंह भदौरिया, शैलू चौधरी, पवन श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन
भारतीय जनता पार्टी की कमल संदेश बाइक यात्रा में डिप्टी सीएम समेत तमाम विधायकों ने शहर की सड़कों पर खूब हिचकोले भी खाए। सबसे खराब स्थिति अल्लापुर क्षेत्र में रही। यहां सीवर लाइन निर्माण कार्य के चलते सड़कों पर जगह-जगह गड्ढे और इधर उधर फैली गिट्टी एवं बजरी के चलते बाइक सवारों को परेशानी हुई। अलोपीबाग फ्लाई ओवर के पास दो बाइक सवार फिसल कर गिर भी गए।
तकरीबन आठ किलोमीटर की कमल संदेश बाइक यात्रा में सैकड़ों की संख्या में भाजपाई शामिल हुए। हर्षवर्धन चौराहे से बाइक रैली दिन में तकरीबन डेढ़ बजे निकली। जो अलोपीबाग मंदिर, मटियारा रोड, लेबर चौराहा, कुन्दन गेस्ट हाउस, बालसन चौराहा, आनन्द भवन, विश्वविद्यालय यूनियन भवन के सामने, लक्ष्मी टाकीज, नेतराम चौराहा, सिविल लाइंस हनुमान मंदिर होते हुए सुभाष चौराहे पर दिन में 2.30 बजे पहुंची।
अल्लापुर में लालता स्वीट एवं अन्य इलाकों में डिप्टी सीएम के साथ विधायक संजय गुप्ता, प्रवीण पटेल, विक्रमाजीत मौर्य, हर्षवर्धन बाजपेयी आदि ने बुलेट और बाइक में खूब हिचकोले भी खाए। फूलपुर लोकसभा क्षेत्र की शहर पश्चिमी विधानसभा के विधायक सिद्धार्थनाथ सिंह एवं सोरांव के विधायक जमुना प्रसाद सरोज नहीं दिखे। जबकि पार्टी की ओर से निर्देश दिया गया था कि स्थानीय विधायक रैली में जरूर उपस्थित हों। वहीं दूसरी ओर मेयर अभिलाषा गुप्ता नंदी, मेजा की विधायक नीलम करवरिया आदि ने प्रयागराज संसदीय क्षेत्र में निकली बाइक संदेश यात्रा में शिरकत की। हालांकि यह यात्रा यमुना पार के ही विभिन्न इलाकों से गुजरी। इसमें भी काफी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं नेता जुटे। इन दोनों ही संसदीय क्षेत्र में लखनऊ से आई पार्टी की
हर्षवर्धन चौराहां पहुंचने के पूर्व डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य का काफिला जाम में भी फंसा। खुद केशव मौर्य ने इस बात की तसदीक परेड ग्राउंड में आयोजित सभा में की। कहा कि जाम की वजह से उन्हें अपने आवास से यहां पहुंचने में 40 मिनट का समय लगा। जाम की वजह से हर्षवर्धन चौराहे से पहले ही केशव अपने वाहन से उतर गए और पैदल ही मंच तक गए।
इस दौरान वहां सेल्फ़ी लेने वाले कार्यकर्ताओं की वजह से मंच पर उनका संतुलन भी बिगड़ गया, लेकिन उनके सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें तत्काल संभाल लिया। इसी तरह सिविल लाइंस सुभाष चौराहे पर भी मंच पर काफी संख्या में कार्यकर्ता चढ़ गए। इस वजह से मंच हिलने लगा तो केशव ने कार्यकर्ताओं से अपील कि वे मंच से उतर जाएं। सभा में रवि केसरवानी, माया द्विवेदी, डा. कीर्तिका अग्रवाल, रामलोचन साहू, राघवेंद्र कुशवाहा, सुरेंद्र चौधरी, श्याम चंद्र, कुशाग्र श्रीवास्तव, अमित आलोक, सचिन जायसवाल आदि मौजूद रहे।