फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अलोपीबाग में निगम के अभियान का विरोध, हंगामा

Mon, 05 Feb 2018 02:09 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो, इलाहाबाद
विज्ञापन
इलाहाबाद - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, इलाहाबाद
विज्ञापन
नगर निगम के स्वच्छ सर्वेक्षण-2018 अभियान के तहत रविवार को अलोपीबाग में खासा हंगामा हुआ। यहां दुकानों के बाहर कूड़ा फैलाने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई के दौरान नगर निगम की टीम को स्थानीय लोगों ने घेर लिया। कहा गया कि जुर्माना लगाने से पहले यहां मंदिर के सामने बेतरतीब ढंग से खड़े होने वाले ऑटो, टेंपो आदि को हटाया जाए। मंदिर से कुछ आगे सड़क पर मलबा उठाने की मांग पर भी लोग अड़ गए। यहां नारेबाजी भी की गई। किसी तरह से निगम कर्मियों ने लोगों को शांत किया। इस दौरान निगम की कार्रवाई के दौरान कई अन्य स्थानों पर भी हो हल्ला मचा।
विज्ञापन


नगर निगम जोन संख्या चार अल्लापुर में मटियारा रोड से रविवार को कार्रवाई शुरू की गई। अलोपीबाग मंदिर के समीप टीम पहुंची तो वहां लोगों ने विरोध शुरू कर दिया। यहां स्थानीय दुकानदारों की निगम कर्मियों से बहस भी हुई। यहां लोगों ने कहा कि सड़क पर मलबा डालने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। उसके बाद ही दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई हो। निगम कर्मियों के आश्वासन के बाद ही यहां लोग शांत हुए। इस टीम द्वारा अमिताभ बच्चन रोड, नेता चौराहा के आसपास भी कार्रवाई की गई। लेबर चौराहा के पास एक मीट और दो अन्य दुकानों के बाहर के टीनशेड गिरा दिए गए। जोनल अधिकारी मुन्ना लाल के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई के दौरान 25650 रुपये जुर्माना वसूला गया। उधर जोन संख्या एक खुल्दाबाद में सुलेमसराय क्षेत्र में ठाकुरद्वारा के समीप नगर निगम की टीम रविवार को पहुंची तो उसे देखते ही तमाम दुकानदार भाग खड़े हुए।

यहां निगम  की टीम द्वारा सड़क पर फैली गंदगी साफ करवाई गई। यहां जोनल अधिकारी शरदेंदु सिंह ने दुकानदारों से डस्टबिन रखने को कहा। इस टीम द्वारा मुंडेरा मंडी तक कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान कुल 47500 रुपये का जुर्माना वसूला गया। वहीं दूसरी ओर  जोन संख्या दो मुट्ठीगंज में जानसेनगंज से साउथ मलाका सब्जी मंडी तक की गई कार्रवाई में 6500 रुपये का जुर्माना वसूला गया। यहां विवेकानंद मार्ग स्थित एक स्कूल की ग्रीनरी हटाए जाने के दौरान निगम की टीम को लोगों के विरोध का भी सामना करना पड़ा। नगर निगम के जोन संख्या तीन कटरा और जोन संख्या पांच में भी गंदगी  फैलाने वाले लोगों से क्रमश: 28700 एवं 4600 रुपये का जुर्माना वसूला गया। नगर निगम की अपर नगर आयुक्त प्रथम ऋतु सुहास ने बताया कि रविवार को तमाम स्थानों पर की गई कार्रवाई के दौरान 1.11 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया।
विज्ञापन


इसी तरह स्टेनली रोड के चौड़ीकरण के लिए इलाहाबाद विकास प्राधिकरण  (एडीए) के दस्ते ने रविवार को कई अवैध निर्माण गिराए। इस दौरान एडीए अफसरों द्वारा महाराणा प्रताप चौराहे से धोबीघाट चौराहे तक सड़क की नापजोख भी की गई। जोनल अफसर सुशील  कुमार चौबे और प्रवर्तन दल के प्रभारी आलोक पांडेय के नेतृत्व में चले अभियान के दौरान स्टेनली रोड पर तमाम स्थानों से अतिक्रमण भी हटाया गया।

यहां म्योराबाद चौराहे पर सड़क किनारे चाय-नाश्ता आदि की दुकानें हटाई गई। इसके पूर्व पिछले सप्ताह स्टेनली रोड पर जिन स्थानों पर एडीए द्वारा अभियान चलाया गया था वहां भी एक बार दुबारा जांच की गई। मौके पर पाया गया कि लोग अपने अतिक्रमण खुद ही हटा रहे हैं। एडीए के प्रवर्तन दल के प्रभारी आलोक पांडेय ने बताया कि म्योहाल से धोबीघाट चौराहे तक डिवाइटर से एक ओर सड़क 7.5 मीटर चौड़ी है। इसे दस मीटर चौड़ा किया जाना है। फुटपाथ और ड्रेेनेज सिस्टम दुरुस्त करने के लिए यहां डिवाइडर से एक ओर सड़क 14 मीटर की जानी है। इसी तरह स्टेनली रोड की  चौड़ाई 92 फीट की जानी है। वहीं दूसरी ओर नवाब  युसूफ रोड पर शनिवार को चले अतिक्रमण अभियान के बाद दूसरे दिन रविवार को तमाम लोग अपने मलबे आदि को साफ करते रहे। यहां कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों  ने खुद ही अवैध निर्माण हटाने की बात कही थी। तमाम लोग दूसरे दिन अपने अवैध निर्माण खुद ही हटाते दिखाई दिए।

चौक क्षेत्र के नखास कोहना में सड़क के दोनों ओर अवैध कब्जे से स्थानीय लोग खासे परेशान है। इस वजह से यहां आए दिन जाम लग जाता है। इसे देखते हुए स्थानीय नागरिक मोहम्मद शाकिब ने इलाहाबाद विकास प्राधिकरण के अफसरों से मांग की है कि नखास कोहना क्षेत्र में भी अतिक्रमण अभियान चलाया जाए। ताकि लोगों को यहां लगने वाले जाम से निजात मिल सके।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें