उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विवि ने सत्र जनवरी-2020 के स्नातक और स्नातकोत्तर द्वितीय एवं तृतीय वर्ष में प्रवेश लेने वाले शिक्षार्थियों को एक सप्ताह का अतिरिक्त अवसर दिया गया है। कुलपति प्रो. कामेश्वर नाथ सिंह ने लॉकडाउन के कारण अब तक प्रवेश न ले पाने वाले छात्रों को 20 मई तक प्रवेश लेने का अंतिम मौका दिया है। इसके साथ ही एसाइनमेंट जमा किए जाने की तिथि भी 30 मई तक बढ़ा दी गई है।
जो शिक्षार्थी प्रवेश से वंचित रह गए हैं, वे मुविवि की वेबसाइट पर 20 मई तक ऑनलाइन प्रवेश सुनिश्चित करा सकते हैं। इसके बाद उन्हें कोई अवसर नहीं दिया जाएगा। सत्र दिसंबर-2019 के सभी विषयों के परीक्षाफल घोषित हो चुके हैं, लेकिन लॉकडाउन के कारण स्नातक तथा स्नातकोत्तर प्रथम वर्ष एवं द्वितीय वर्ष के शिक्षार्थी क्रमश: द्वितीय एवं तृतीय वर्ष में प्रवेश लेने से वंचित रह गए थे।
मीडिया प्रभारी डॉ. प्रभात चंद्र मिश्र ने के अनुसार विभिन्न क्षेत्रीय केंद्रों एवं अध्ययन केंद्रों से प्रवेश तिथि बढ़ाने की मांग आ रही थी। इसको ध्यान में रखते हुए कुलपति प्रो. सिंह ने छात्रों के हित में अंतिम तिथि 20 मई तक बढ़ाने का निर्णय लिया। इससे संबंधित सूचना मुविवि की वेबसाइट पर उपलब्ध है। इसके साथ ही आगामी परीक्षा में शामिल होने वाले छात्रों के लिए कुलपति ने एसाइनमेंट (अधिन्यास) जमा करने की अंतिम तिथि 30 मई तक बढ़ा दी है।